विकास नंद/ सर्वव्यापी/
जिले में राजस्व प्रकरणों के शीघ्र निराकरण और आम नागरिकों को सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से कलेक्टर विनय कुमार लंगेह के निर्देश में राजस्व पखवाड़ा का आयोजन किया जा रहा है। यह अभियान 15 अप्रैल तक जिले की सभी ग्राम पंचायतों में संचालित होगा। पखवाड़े के दूसरे दिन भी निर्धारित रोस्टर के अनुसार शिविरों का सफल आयोजन किया गया, जिसमें पटवारी, राजस्व निरीक्षक एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहकर कार्यों का निष्पादन कर रहे हैं।शिविरों में अविवादित नामांतरण, सीमांकन, नक्शा बटांकन, भू-अभिलेख सुधार, आय, जाति, निवास प्रमाण पत्र सहित विभिन्न राजस्व प्रकरणों का त्वरित निराकरण किया जा रहा है। कई मामलों में मौके पर ही समाधान प्रदान कर ग्रामीणों को राहत दी जा रही है।ग्राम बिजराभाठा में स्वामित्व पट्टा वितरण किया गया। इसके अलावा अरण्ड, भलेसर, झलप, खल्लारी, अनसुला, बगारपाली, घोंच और केंदुवा सहित विभिन्न ग्रामों में आयोजित शिविरों में पात्र हितग्राहियों को स्वामित्व पट्टा, नामांतरण आदेश, सीमांकन पत्र, ऋण पुस्तिका एवं नक्शा प्रतिलिपि जैसे आवश्यक दस्तावेज वितरित किए गए।इस पहल से ग्रामीणों को बार-बार कार्यालयों के चक्कर लगाने से मुक्ति मिल रही है। साथ ही शिविरों में शासकीय योजनाओं की जानकारी देकर लोगों को जागरूक भी किया जा रहा है। पंचायत प्रतिनिधियों एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणों की सहभागिता इस अभियान को सफल बना रही है।राजस्व पखवाड़ा का अगला चरण मई माह में 4 से 18 मई तथा जून में 1 से 15 जून 2026 तक आयोजित किया जाएगा।कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने सभी राजस्व अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया है कि वे शिविरों में उपस्थित रहकर पारदर्शिता एवं गुणवत्ता के साथ कार्य करें तथा आमजन की समस्याओं का संवेदनशीलता के साथ निराकरण सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि सभी राजस्व प्रकरणों का प्राथमिकता के आधार पर समय-सीमा में निपटारा किया जाए।साथ ही उन्होंने प्रत्येक ग्राम में मुनादी कराकर शिविरों की जानकारी देने के निर्देश दिए हैं, ताकि अधिक से अधिक लोग इनका लाभ उठा सकें। कलेक्टर ने नागरिकों से अपील की है कि वे अपने ग्राम में आयोजित राजस्व शिविरों में पहुंचकर अपनी समस्याओं का समाधान कराएं और शासन की इस पहल का अधिकतम लाभ लें।