विकास नंद/ सर्वव्यापी/
जल जीवन मिशन के तहत “हर घर जल” की परिकल्पना अब सरायपाली विकासखंड के ग्राम लांती में साकार होती नजर आ रही है। गांव के 233 घरों में नल कनेक्शन के माध्यम से स्वच्छ पेयजल पहुंचने से ग्रामीणों के जीवन स्तर में उल्लेखनीय सुधार हुआ है। इस सुविधा के लिए ग्रामीणों ने केंद्र एवं राज्य शासन के प्रति आभार व्यक्त किया है।गौरतलब है कि पहले ग्राम लांती में पेयजल के लिए मात्र 6 हैंडपंप और 2 पावर पंप पर निर्भरता थी। गर्मी के दिनों में जल संकट गहराने पर विशेषकर महिलाओं को दूर-दराज तक पानी लाने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ती थी, जिससे समय और श्रम दोनों की बर्बादी होती थी।
इस समस्या के स्थायी समाधान के लिए जल जीवन मिशन अंतर्गत 85.04 लाख रुपये की लागत से गांव में सुदृढ़ जल प्रदाय व्यवस्था विकसित की गई। इसके तहत एक आधुनिक पानी टंकी का निर्माण किया गया और लगभग 4400 मीटर लंबी पाइपलाइन बिछाई गई। इस योजना से अब अधिकांश घरों में नियमित रूप से स्वच्छ पेयजल उपलब्ध हो रहा है।
इस उपलब्धि में ग्राम पंचायत की सरपंच सुभाषिणी साहू के नेतृत्व, पंचायत प्रतिनिधियों की सक्रियता एवं ग्रामीणों के सहयोग की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। सामूहिक प्रयासों के फलस्वरूप ग्राम लांती को 13 सितम्बर 2025 को “हर घर जल ग्राम” के रूप में प्रमाणित किया गया।
गांव की हितग्राही ललिता दास बताती हैं कि पहले उन्हें पानी के लिए लंबी कतारों में खड़ा होना पड़ता था और कई बार दूर तक जाना पड़ता था, लेकिन अब घर में नल कनेक्शन मिलने से सहज रूप से स्वच्छ जल उपलब्ध हो रहा है। उन्होंने बताया कि इससे न केवल समय की बचत हो रही है, बल्कि परिवार के स्वास्थ्य में भी सकारात्मक सुधार देखने को मिल रहा है।