विकास नंद/ सर्वव्यापी/
श्रद्धा और भक्ति के पावन पर्व हनुमान जन्मोत्सव के अवसर पर झिलमिला सरायपाली के वार्ड क्रमांक 09 में 2 अप्रैल 2026 को भव्य आयोजन किया गया। पूरे नगर में रामभक्ति की ऐसी छटा बिखरी कि श्रद्धालु देर रात तक भजनों में लीन होकर आध्यात्मिक आनंद का अनुभव करते रहे।
आयोजन समिति द्वारा इस विशेष संध्या को भक्तिभाव से परिपूर्ण बनाने के लिए व्यापक तैयारी की गई थी। कार्यक्रम के दौरान श्रद्धालु प्रभु भजन की महिमा में पूरी तरह सराबोर नजर आए।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण ओडिशा की सुप्रसिद्ध सार्थक म्यूजिक (श्रीक्षेत्र भजन मंडली) रही, जिन्होंने श्री हनुमान जी के मधुर भजनों की अमृत वर्षा कर वातावरण को भक्तिमय बना दिया। भजनों की प्रस्तुति ने उपस्थित जनसमूह को भाव-विभोर कर दिया और पूरे क्षेत्र में आध्यात्मिक ऊर्जा का संचार हुआ।
शाम 7:00 बजे से विशाल भंडारे (महाप्रसाद वितरण) की शुरुआत हुई, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। इसके पश्चात रात्रि 9:00 बजे से भव्य भजन संध्या प्रारंभ हुई, जो देर रात तक जारी रही और लोगों ने पूरे उत्साह के साथ भक्ति संगीत का आनंद लिया।इस आयोजन में क्षेत्र के बड़ी संख्या में श्रद्धालु परिवार सहित शामिल हुए।
आयोजन समिति ने सभी आगंतुकों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए इसे सफल बनाने में सहयोग के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया।