विकास नंद/सर्वव्यापी
जिले में अवैध खनिज उत्खनन, परिवहन और भंडारण के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए लगातार कार्रवाई तेज कर दी है। इसी कड़ी में अछौली क्षेत्र के निरीक्षण के दौरान खनिज विभाग की टीम ने भोरिंग के पास फर्शी पत्थर से भरे दो टीपर वाहनों को रोककर जांच की।जांच में सामने आया कि टीपर मालिक शकुन साहू (निवासी बोरसी) और सोनू अग्रवाल (निवासी महासमुंद) के पास खनिज परिवहन के लिए वैध अभिवहन पास नहीं था। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर दोनों वाहनों को तत्काल जब्त कर तुमगांव पुलिस की अभिरक्षा में सुरक्षित रखा गया है।इस कार्रवाई में सहायक खनिज अधिकारी देवेन्द्र कुमार साहू, सिपाही मनोज निर्मलकर, प्रशांत कालू और मनीष ढीढी सक्रिय रूप से मौजूद रहे। खनिज अधिकारी फगुलाल नागेश ने जानकारी देते हुए बताया कि वित्तीय वर्ष 2025-26 में 8 करोड़ 70 लाख रुपये के राजस्व लक्ष्य के मुकाबले 17 करोड़ 87 लाख 42 हजार रुपये की उल्लेखनीय प्राप्ति हुई है, जो तय लक्ष्य से काफी अधिक है।उन्होंने स्पष्ट किया कि शासन के निर्देशानुसार अब खनिजों का परिवहन ई-ट्रांजिट पास (ईटीपी) के माध्यम से अनिवार्य कर दिया गया है। बिना ई-अभिवहन पास के खनिज परिवहन करते पाए जाने पर संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।