विकास नंद/ सर्वव्यापी

श्रमिक दिवस के अवसर पर पिक्काडिली एग्रो इंडस्ट्रीज़ लिमिटेड, महासमुंद में कर्मकारों की सुरक्षा और स्वास्थ्य को प्राथमिकता देते हुए मॉकड्रिल का आयोजन किया गया। यह आयोजन औद्योगिक स्वास्थ्य एवं सुरक्षा विभाग के निर्देशानुसार संपन्न हुआ।मॉकड्रिल के दौरान सहायक संचालक औद्योगिक स्वास्थ्य एवं सुरक्षा दिशा शुक्ला, सुरक्षा अधिकारी दिलीप ओझा सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। अभ्यास में आग लगने जैसी आपात स्थिति से निपटने की तैयारी का प्रदर्शन किया गया, जिसमें फायर टीम, बचाव दल और मेडिकल टीम ने सक्रिय रूप से भाग लिया।सुरक्षा अभ्यास के तहत बचाव दल ने व्यक्तिगत सुरक्षा उपकरण (पीपीई) और अन्य सुरक्षा संसाधनों का उपयोग करते हुए आग पर नियंत्रण पाने की प्रक्रिया का प्रदर्शन किया। साथ ही आपात स्थिति में त्वरित प्रतिक्रिया, आपसी समन्वय और निर्धारित सुरक्षा मानकों के पालन की विस्तृत जानकारी दी गई।औद्योगिक स्वास्थ्य एवं सुरक्षा विभाग की ओर से मॉकड्रिल के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कारखाना प्रबंधन को नियमित रूप से ऐसे अभ्यास आयोजित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही फायर सुरक्षा एवं अन्य आपात परिस्थितियों से निपटने के लिए सभी व्यवस्थाओं की निरंतर जांच और रखरखाव सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।