कलेक्टर ने मेधावी विद्यार्थियों का किया सम्मान, प्रयास विद्यालय के परिणामों की सराहना…प्रयास विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने रचा सफलता का नया कीर्तिमान।

Share Now

तरुण कौशिक, संपादक सर्वव्यापी

बिलासपुर कलेक्टर संजय अग्रवाल ने आज प्रयास आवासीय विद्यालय पहुंचकर 10वीं एवं 12वीं बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं से मुलाकात की और उनका सम्मान कर उत्साहवर्धन किया। इस अवसर पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत संदीप अग्रवालएवं अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे। कलेक्टर संजय अग्रवाल ने विद्यार्थियों को मिठाई खिलाकर, गुलदस्ता भेंट कर तथा प्रोत्साहन राशि प्रदान कर सम्मानित किया। उन्होंने विद्यार्थियों की मेहनत, अनुशासन एवं शिक्षकों के मार्गदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि यह सफलता अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणास्रोत है। साथ ही आगामी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए विद्यार्थियों को शुभकामनाएं दीं। उल्लेखनीय है कि आदिम जाति कल्याण विभाग द्वारा संचालित मुख्यमंत्री बाल भविष्य सुरक्षा योजनांतर्गत प्रयास आवासीय विद्यालय एवं अन्य पिछड़ा वर्ग कन्या आवासीय विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने 10वीं एवं 12वीं बोर्ड परीक्षाओं में शानदार प्रदर्शन किया है। परीक्षा परिणाम में कक्षा 10वीं के 103 विद्यार्थियों में सभी ने प्रथम श्रेणी में सफलता अर्जित की। कक्षा 10वीं की छात्रा काव्या विकास पैकरा ने 600 में से 587 अंक प्राप्त कर राज्य की प्रावीण्य सूची में 8वां स्थान हासिल किया। वहीं छात्र रोहित साहू एवं मौसमी पटेल ने 600 में से 588 अंक प्राप्त कर प्रावीण्य सूची में संयुक्त रूप से 7वां स्थान प्राप्त किया। विद्यालय के अनेक विद्यार्थियों ने 90 प्रतिशत से अधिक अंक अर्जित कर संस्था एवं जिले का गौरव बढ़ाया है। इस उपलब्धि को विद्यार्थियों की कड़ी मेहनत, शिक्षकों के समर्पण एवं विभागीय प्रयासों का परिणाम बताया गया। कार्यक्रम में आदिवासी विकास विभाग के अधिकारी, विद्यालय प्रबंधन, शिक्षकगण एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।


Share Now

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page

error: Content is protected !!