विकास नंद/सर्वव्यापी
छत्तीसगढ़ पुलिस ने गुमशुदा लोगों की खोज के लिए चलाए गए विशेष अभियान “ऑपरेशन तलाश” में उल्लेखनीय सफलता हासिल की है। 01 अप्रैल से 30 अप्रैल 2026 तक चले इस अभियान के दौरान पुलिस ने कुल 4056 गुमशुदा व्यक्तियों को खोज निकाला, जिनमें 545 बच्चे और 3511 महिला एवं पुरुष शामिल हैं।
पुलिस मुख्यालय के दिशा-निर्देशों के तहत प्रदेशभर में यह अभियान संचालित किया गया। सभी जिलों के पुलिस अधीक्षकों और नोडल अधिकारियों ने गंभीरता से काम करते हुए विशेष टीमों का गठन किया। इन टीमों ने संभावित स्थानों पर सघन तलाशी अभियान चलाया, जिसके परिणामस्वरूप एक माह के भीतर ही बड़ी संख्या में गुमशुदा लोगों का पता लगाया जा सका। बरामद व्यक्तियों में 75 बालक, 470 बालिका, 972 पुरुष और 2539 महिलाएं शामिल हैं।अभियान की एक बड़ी उपलब्धि यह भी रही कि 182 गुमशुदा व्यक्तियों को अन्य राज्यों से खोजकर वापस लाया गया। इनमें महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश, तेलंगाना, बिहार, मध्यप्रदेश, गुजरात, राजस्थान, झारखंड, तमिलनाडु और हिमाचल प्रदेश जैसे राज्यों से लोगों की बरामदगी की गई।जिलेवार प्रदर्शन में दुर्ग से 683, बिलासपुर से 648 और रायपुर से 426 गुमशुदा व्यक्तियों को खोजा जाना इस अभियान की सफलता में अहम रहा।पुलिस ने सभी बरामद बच्चों, महिलाओं और पुरुषों को सुरक्षित उनके परिजनों से मिलाया, जिससे आमजन में पुलिस के प्रति भरोसा और मजबूत हुआ है। “ऑपरेशन तलाश” छत्तीसगढ़ पुलिस की संवेदनशीलता, जिम्मेदारी और सक्रिय कार्यशैली का प्रभावी उदाहरण बनकर सामने आया है।