विकास नंद/ सर्वव्यापी
कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित जनदर्शन कार्यक्रम में कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने जिलेभर से पहुंचे नागरिकों की समस्याएं गंभीरता से सुनीं। उन्होंने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्राप्त आवेदनों का प्राथमिकता के साथ शीघ्र और प्रभावी निराकरण सुनिश्चित किया जाए। साथ ही पात्र हितग्राहियों को नियमानुसार शासकीय योजनाओं का लाभ दिलाने पर विशेष जोर दिया।जनदर्शन में कुल 65 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें विभिन्न प्रकार की जनसमस्याएं शामिल रहीं। ग्राम मुढ़ेना निवासी उमेश कुमार चौहान ने खसरा क्रमांक में त्रुटि सुधार की मांग की। कमरौद (बागबाहरा) के छबेलाल पटेल ने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की राशि दिलाने के लिए आवेदन प्रस्तुत किया। झलप के बल्दूराम सेन ने दीनदयाल उपाध्याय भूमिहीन कृषि मजदूर योजना के तहत दावा-आपत्ति दर्ज कराई।इसी तरह ग्राम ठाकुरदिया (पिथौरा) के दिव्यांग रोहित ने विकलांग पेंशन की मांग की, जबकि बोईरगांव (बागबाहरा) के विनोद कुमार महानंद ने भूमि सीमांकन कराने हेतु आवेदन दिया। तोरेसिंहा (सरायपाली) के सुरेश साहू ने प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाने की मांग रखी। इसके अलावा अवैध अतिक्रमण, लंबित भुगतान सहित कई अन्य समस्याओं से जुड़े आवेदन भी सामने आए।कार्यक्रम के दौरान जिला पंचायत सीईओ हेमंत नंदनवार, अपर कलेक्टर सचिन भूतड़ा, रवि साहू सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।