सुशासन तिहार के आवेदनों का गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करें : कलेक्टर…लापरवाही पर तखतपुर सीएमओ को शोकॉज नोटिस जारी करने के निर्देश।

Share Now

तरुण कौशिक, संपादक सर्वव्यापी

बिलासपुर कलेक्टर संजय अग्रवाल ने आज आयोजित साप्ताहिक टीएल बैठक में सुशासन तिहार के अंतर्गत प्राप्त हो रहे आवेदनों एवं विभिन्न विभागीय योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि आमजनों से प्राप्त आवेदनों का समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण एवं सार्थक निराकरण सुनिश्चित किया जाए, जिससे शासन की योजनाओं का लाभ लोगों तक प्रभावी रूप से पहुंच सके। सुशासन तिहार के अंतर्गत आयोजित शिविरों की समीक्षा के दौरान तखतपुर में प्रचार-प्रसार में लापरवाही पाए जाने पर कलेक्टर ने नाराजगी व्यक्त की। शिविरों की समुचित जानकारी आमजन तक नहीं पहुंचने से अपेक्षाकृत कम लोग लाभान्वित हो सके। इस पर कलेक्टर ने तखतपुर के सीएमओ अमरेश सिंह को शोकॉज नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी विभागीय अधिकारियों एवं नगरीय निकायों को निर्देशित किया कि शिविरों एवं जनकल्याणकारी योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित किया जाए। बैठक में कलेक्टर संजय अग्रवाल ने लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग की समीक्षा करते हुए विभिन्न विकासखंडों में मौजूद 86 सूखे (डिफंक्ट) नलकूपों को रिचार्जिंग कार्य में उपयोग करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जल संरक्षण एवं भूजल संवर्धन की दिशा में उपलब्ध संसाधनों का बेहतर उपयोग किया जाए। ई-डिस्ट्रिक्ट योजना के अंतर्गत लगभग 12 प्रतिशत आवेदनों के निरस्त होने पर कलेक्टर संजय अग्रवाल ने असंतोष जताया। उन्होंने लोकसेवा केंद्रों के ऑपरेटरों को चेतावनी देने तथा आवश्यकता अनुसार अतिरिक्त प्रशिक्षण उपलब्ध कराने के निर्देश दिए, ताकि आवेदनों की गुणवत्ता में सुधार हो सके और अनावश्यक निरस्तीकरण कम हो। महतारी वंदन योजना के तहत ई-केवाईसी की प्रगति की समीक्षा में बताया गया कि 4 लाख 14 हजार पात्र महिलाओं में से अब तक 2 लाख 90 हजार हितग्राहियों का ई-केवाईसी पूर्ण किया जा चुका है, जो लगभग 71 प्रतिशत है। कलेक्टर ने शेष कार्य को प्राथमिकता के साथ शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए।

राजस्व प्रकरणों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर संजय अग्रवाल ने एक वर्ष से अधिक पुराने एवं समय-सीमा से बाहर लंबित प्रकरणों का निराकरण अगले 3 से 4 दिनों में अनिवार्य रूप से करने के सख्त निर्देश दिए।आयुष्मान कार्ड योजना की समीक्षा में बताया गया कि जिले में अभी भी 3 लाख 14 हजार पात्र हितग्राहियों के कार्ड बनाए जाना शेष है। कलेक्टर ने इसके लिए विशेष कार्ययोजना तैयार कर अभियान मोड में कार्य करते हुए लक्ष्य शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए। बैठक में निगम आयुक्त प्रकाश सर्वे, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी संदीप अग्रवाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।


Share Now

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page

error: Content is protected !!