तरुण कौशिक, संपादक सर्वव्यापी
बिलासपुर नगर निगम के जोन कार्यालय क्रमांक 02 तिफरा के अंतर्गत आने वाले वार्ड क्रमांक 5 में लंबे समय से चली आ रही पानी की समस्या को देखते हुए राहत भरा कदम उठाया गया है। क्षेत्रीय पार्षद गायत्री लक्ष्मीनाथ साहू द्वारा पार्षद निधि से 2.50 लाख रुपए की राशि स्वीकृत कर बोर खनन कार्य प्रारंभ कराया गया है। इससे स्थानीय निवासियों को पेयजल संकट से निजात मिलने की उम्मीद जगी है।जोन कमिश्नर भूपेंद्र उपाध्याय ने जानकारी देते हुए बताया कि वार्ड में पानी की किल्लत लगातार बनी हुई थी, जिसे ध्यान में रखते हुए यह कार्य कराया जा रहा है। उन्होंने बताया कि आज विधिवत रूप से बोर खनन की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है और जल्द ही इसे पूर्ण कर आम नागरिकों के उपयोग के लिए उपलब्ध कराया जाएगा।स्थानीय लोगों ने इस पहल का स्वागत करते हुए कहा कि गर्मी के मौसम में पानी की समस्या विकराल रूप ले लेती है, ऐसे में बोर खनन का यह कार्य काफी राहत देने वाला साबित होगा। पार्षद द्वारा क्षेत्र की मूलभूत आवश्यकताओं को प्राथमिकता देने से वार्डवासियों में संतोष का माहौल देखा जा रहा है।नगर निगम द्वारा किए जा रहे इस प्रयास से यह उम्मीद जताई जा रही है कि आने वाले दिनों में वार्ड क्रमांक 5 के निवासियों को पानी की समस्या से काफी हद तक राहत मिल सकेगी और उनकी दैनिक जरूरतें सुचारू रूप से पूरी हो सकेंगी।