किसान रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना…पिथौरा विकासखंड में 12 दिवसीय विकसित कृषि संकल्प अभियान की हुई शुरुआत।

Share Now

विकास नंद/ सर्वव्यापी

पिथौरा विकसित कृषि संकल्प अभियान के तहत मंगलवार को किसान रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। इसके साथ ही खरीफ मौसम 2026 से पहले 05 मई से 20 मई तक चलने वाले 12 दिवसीय अभियान की विधिवत शुरुआत हुई। इस अभियान के माध्यम से कृषि विभाग द्वारा गांव-गांव पहुंचकर किसानों को आधुनिक खेती से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।कार्यक्रम में जनपद अध्यक्ष ऊषा पुरुषोत्तम घृतलहरें, उपाध्यक्ष ब्रह्मानंद पटेल, जनपद सदस्य एवं भाजपा जिला उपाध्यक्ष हरप्रसाद पटेल, सांसद प्रतिनिधि मनमीत छाबड़ा, भाजपा जिला प्रवक्ता स्वप्निल तिवारी, एसडीएम बजरंग वर्मा, वरिष्ठ कृषि विस्तार अधिकारी ब्रजेश तूरकाने, पी प्रसाद राव, भावेश पटेल, कमलेश दिवान, ओमेश नायक सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी उपस्थित रहे।अधिकारियों ने बताया कि यह अभियान किसानों को खरीफ सीजन से पहले जागरूक करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है, जिससे वे नई तकनीकों को अपनाकर बेहतर उत्पादन प्राप्त कर सकें। किसान रथ गांव-गांव जाकर किसानों को सीधे मार्गदर्शन देगा, जहां कृषि विभाग के जानकार अधिकारी एवं कर्मचारी मौके पर मौजूद रहकर प्रशिक्षण देंगे और किसानों की समस्याओं का समाधान भी करेंगे।कृषि विभाग के अनुसार किसान रथ के माध्यम से किसानों को फसल चक्र परिवर्तन, प्राकृतिक एवं जैविक खेती, उन्नत बीज एवं आधुनिक कृषि यंत्रों के उपयोग, संतुलित उर्वरक प्रबंधन, जल संरक्षण एवं सूक्ष्म सिंचाई तकनीकों के साथ समन्वित कृषि प्रणाली के बारे में विस्तार से जानकारी दी जाएगी।इसके साथ ही पशुपालन, मत्स्य पालन और उद्यानिकी फसलों के उत्पादन एवं प्रबंधन के संबंध में भी किसानों को जागरूक किया जाएगा। रथ में ऑडियो-वीडियो माध्यम से सरल भाषा में प्रशिक्षण की व्यवस्था की गई है, जिससे किसान आसानी से नई तकनीकों को समझकर अपने खेतों में लागू कर सकें।अभियान के दौरान किसानों को विभिन्न शासकीय योजनाओं की जानकारी भी दी जाएगी, जिसमें प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, मृदा स्वास्थ्य कार्ड और किसान क्रेडिट कार्ड प्रमुख हैं। अधिकारियों का कहना है कि इन योजनाओं का लाभ लेकर किसान अपनी खेती को अधिक लाभकारी बना सकते हैं और आर्थिक रूप से मजबूत हो सकते हैं।किसान रथ तय कार्यक्रम के अनुसार 5 मई को पिथौरा विकासखंड के ग्राम घोघरा और धनोरा, 6 मई को सेवैयाकला और लोहराकोट, 7 मई को बल्दीडीह और बड़ेटेमरी, 8 मई को राजपुर और खुर्सीपार, 11 मई को बरेकेल खुर्द और डूमरपाली, 12 मई को कोकोभाठा और भिथिडीह, 13 मई को गोपालपुर और गड़बेड़ा, 14 मई को जंघोरा और नयापारा कला, 15 मई को भुरकोनी और कोल्दा, 18 मई को छोटे लोरम और बगारदरहा, 19 मई को जबलपुर पिरदा तथा 20 मई को पथरला और भास्करापाली में पहुंचेगा।कार्यक्रम में उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि किसान रथ के माध्यम से अब किसानों को नई तकनीकों और योजनाओं की जानकारी उनके गांव में ही मिल सकेगी, जिससे उन्हें बाहर जाने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी। इससे समय और संसाधनों की बचत होगी तथा खेती को और अधिक लाभकारी बनाया जा सकेगा।अधिकारियों ने विश्वास जताया कि विकसित कृषि संकल्प अभियान किसानों को आधुनिक खेती की दिशा में आगे बढ़ाने, उनकी आय में वृद्धि करने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। साथ ही यह पहल क्षेत्र में कृषि विकास को नई गति देने का कार्य करेगी।


Share Now

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page

error: Content is protected !!