तरुण कौशिक, संपादक सर्वव्यापी
जिला पंचायत बिलासपुर में मंगलवार 05 मई 2026 को मुख्य कार्यपालन अधिकारी संदीप कुमार अग्रवाल की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले के सभी जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारी, सहायक विकास विस्तार अधिकारी, मनरेगा कार्यक्रम अधिकारी, आवास समन्वयक एवं तकनीकी सहायक उपस्थित रहे।बैठक का मुख्य उद्देश्य प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण, पीएम-जनमन योजना एवं मुख्यमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के अंतर्गत लंबित आवासों की प्रगति की समीक्षा करना तथा उन्हें निर्धारित समयसीमा में पूर्ण कराने की रणनीति तय करना रहा।समीक्षा के दौरान बताया गया कि वित्तीय वर्ष 2024-26 में प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के तहत स्वीकृत 71,535 आवासों में से अब तक 48,611 आवास पूर्ण हो चुके हैं, जबकि 22,924 आवास निर्माणाधीन हैं। वहीं पीएम-जनमन योजना के अंतर्गत स्वीकृत 959 आवासों में से 677 पूर्ण तथा 282 आवास प्रगतिरत हैं।मुख्य कार्यपालन अधिकारी ने स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि सभी अपूर्ण आवासों को 31 मई 2026 तक हर हाल में पूर्ण किया जाए। इसके लिए तकनीकी सहायकों को प्रत्येक निर्माणाधीन आवास का नियमित फील्ड विजिट कर हितग्राहियों को प्रोत्साहित करने के निर्देश दिए गए।उन्होंने मनरेगा के अंतर्गत चल रहे कार्यों की धीमी प्रगति पर भी चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि सभी कार्यों को निर्धारित समयसीमा में पूर्ण करना प्राथमिकता होनी चाहिए। साथ ही यह भी निर्देशित किया गया कि प्रत्येक आवास निर्माण में 90 दिवस का रोजगार उपलब्ध कराते हुए कार्यों को गति दी जाए, जिससे हितग्राहियों को अधिकतम लाभ मिल सके।बैठक में स्पष्ट संदेश दिया गया कि योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और तय समयसीमा के भीतर लक्ष्यों की प्राप्ति सुनिश्चित की जाएगी।