विकास नंद/ सर्वव्यापी/

विकासखंड सरायपाली के ग्राम बानी गिरोला में आयोजित सुशासन तिहार शिविर में जनसमस्याओं के निराकरण को लेकर गंभीरता दिखाई गई। शिविर में जनप्रतिनिधियों के साथ सभी विभागों के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।कार्यक्रम के दौरान जिला पंचायत सभापति कुमारी भास्कर ने मंच से अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर नाराजगी जताते हुए कड़ी चेतावनी दी। उन्होंने विशेष रूप से पीडब्ल्यूडी विभाग के एसडीओ को फटकार लगाते हुए कहा कि यदि जनप्रतिनिधि का फोन तक नहीं उठाया जा रहा है, तो आम जनता की समस्याओं का समाधान कैसे होगा।उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि अधिकारी अपनी जिम्मेदारियों को गंभीरता से निभाएं और जनता के प्रति जवाबदेही सुनिश्चित करें।इसके अलावा, सभापति ने सरायपाली क्षेत्र के विभिन्न गांवों के तेंदूपत्ता हितग्राहियों को पिछले वर्ष का बोनस अब तक नहीं मिलने पर नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने वन विभाग को निर्देशित किया कि जल्द से जल्द पात्र हितग्राहियों को बोनस राशि का भुगतान किया जाए।पेयजल समस्या को लेकर भी उन्होंने पीएचई विभाग को सख्त निर्देश दिए। गांवों में हैंडपंप मरम्मत और पेयजल की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए तत्काल कार्रवाई करने को कहा।सुशासन तिहार शिविर में ग्रामीणों ने अपनी समस्याएं खुलकर रखीं, जिनके निराकरण के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए। शिविर का उद्देश्य शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना और समस्याओं का त्वरित समाधान करना रहा।