सही दवा-शुद्ध आहार अभियान में सख्ती: तंबाकू नियम तोड़ने पर 30 चालान, नशा मुक्ति पर जागरूकता कार्यशाला आयोजित।

Share Now

विकास नंद/सर्वव्यापी

छत्तीसगढ़ शासन के “सही दवा-शुद्ध आहार, यही छत्तीसगढ़ का आधार” अभियान के तहत जिले में लगातार कार्रवाई जारी है। कलेक्टर विनय कुमार लंगेह के निर्देश पर खाद्य एवं औषधि प्रशासन, राजस्व एवं पुलिस विभाग के संयुक्त तत्वावधान में गठित खाद्य एवं औषधि प्रकोष्ठ द्वारा जनजागरूकता और प्रवर्तन अभियान प्रभावी रूप से संचालित किया जा रहा है।डॉ. आई. नागेश्वर राव, उपसंचालक खाद्य एवं औषधि प्रशासन के मार्गदर्शन में औषधि प्रकोष्ठ की नोडल अधिकारी तृप्ति जैन, सहायक औषधि नियंत्रक के नेतृत्व में 06 एवं 07 मई को बागबाहरा विकासखंड तथा महासमुंद ग्रामीण क्षेत्र में कोटपा एक्ट 2003 के तहत विशेष अभियान चलाया गया।अभियान के दौरान औषधि निरीक्षक अवधेश भारद्वाज एवं अखिलेश पाण्डेय ने शैक्षणिक संस्थानों के 100 गज दायरे में स्थित दुकानों और सार्वजनिक स्थलों का निरीक्षण किया। सार्वजनिक स्थलों पर धूम्रपान, नाबालिगों को तंबाकू उत्पाद बेचने तथा स्कूल-कॉलेजों के आसपास तंबाकू बिक्री प्रतिबंध संबंधी नियमों के उल्लंघन पर 30 चालान काटे गए।संयुक्त दल ने दुकानदारों को धूम्रपान निषेध एवं नाबालिगों को तंबाकू उत्पाद नहीं बेचने संबंधी सूचना बोर्ड अनिवार्य रूप से लगाने के निर्देश दिए। साथ ही माचिस, लाइटर और ऐश ट्रे जैसी धूम्रपान को बढ़ावा देने वाली वस्तुएं सार्वजनिक स्थलों पर उपलब्ध नहीं कराने की समझाइश भी दी गई। अधिकारियों ने शिक्षण संस्थानों के 100 गज दायरे में तंबाकू उत्पादों की बिक्री पूर्णतः प्रतिबंधित रखने के सख्त निर्देश दिए।इसी क्रम में शुक्रवार को मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी कार्यालय महासमुंद के सभागार में एंटी माइक्रोबियल रेजिस्टेंस, ड्रग एब्यूज एवं नशा मुक्ति विषय पर जागरूकता कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला में औषधि निरीक्षक अवधेश भारद्वाज, अखिलेश पाण्डेय तथा स्वास्थ्य विभाग के डॉ. छत्रपाल चन्द्रकार ने केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट, स्वास्थ्य कर्मचारियों और आमजन को जागरूक किया।विशेषज्ञों ने एंटीबायोटिक दवाओं के दुरुपयोग के दुष्परिणाम बताते हुए बिना चिकित्सकीय सलाह दवा सेवन नहीं करने, स्वयं दवाओं में बदलाव नहीं करने और एंटीबायोटिक कोर्स अधूरा नहीं छोड़ने की सलाह दी।कार्यक्रम में जिला केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट एसोसिएशन के पदाधिकारी भी उपस्थित रहे। कार्यशाला के सफल आयोजन में खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग, स्वास्थ्य विभाग एवं जिला केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट एसोसिएशन का विशेष सहयोग रहा।


Share Now

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page

error: Content is protected !!