जर्जर सीसी रोड से बढ़ी वार्डवासियों की परेशानी, बरसात से पहले मरम्मत की मांग तेज।

Share Now

भागवत प्रसाद, ब्यूरो चीफ सर्वव्यापी

बिलासपुर नगर निगम क्षेत्र के जोन कमिश्नर कार्यालय क्रमांक 02 तिफरा अंतर्गत वार्ड क्रमांक 5 में वर्षों पहले बनाया गया सीसी रोड अब पूरी तरह जर्जर हो चुका है। तिफरा नगर निगम जोन कार्यालय से पूर्व भाजपा पार्षद संतोषी यादव के घर तक बना यह सड़क मार्ग जगह-जगह से उखड़ चुका है, जिससे स्थानीय लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।जानकारी के अनुसार करीब दस वर्ष पूर्व इस मार्ग का निर्माण कराया गया था, लेकिन लंबे समय से रखरखाव नहीं होने के कारण सड़क अब बदहाल स्थिति में पहुंच गई है। सड़क पर कई स्थानों पर बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं, जिससे दोपहिया और चारपहिया वाहन चालकों को आवागमन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि रात के समय दुर्घटना की आशंका और भी बढ़ जाती है।वार्ड की वर्तमान पार्षद गायत्री लक्ष्मीनाथ साहू ने अपने पिछले कार्यकाल में कुंदारापारा क्षेत्र में सीसी रोड निर्माण कार्य कराया था, लेकिन तिफरा जोन कार्यालय से संतोषी यादव के निवास तक लगभग 100 मीटर लंबे इस जर्जर मार्ग का पुनर्निर्माण अब तक नहीं हो सका है। यही कारण है कि स्थानीय नागरिकों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।क्षेत्रवासियों का कहना है कि आने वाले बरसात के मौसम में सड़क की हालत और भी खराब हो जाएगी। बारिश के दौरान गड्ढों में पानी भरने से हादसों की संभावना बढ़ जाएगी तथा राहगीरों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ेगा।स्थानीय नागरिकों ने नगर निगम प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से मांग की है कि बरसात शुरू होने से पहले उक्त सड़क का पुनर्निर्माण कराया जाए, ताकि लोगों को राहत मिल सके और क्षेत्र की मूलभूत सुविधाएं बेहतर हो सकें।


Share Now

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page

error: Content is protected !!