तरुण कौशिक, संपादक सर्वव्यापी

बिलासपुर नगर निगम क्षेत्र अंतर्गत वार्ड क्रमांक 10 सिरगिट्टी में लगातार हो रही अघोषित बिजली कटौती को लेकर लोगों का आक्रोश बढ़ता जा रहा है। क्षेत्रवासियों की समस्याओं को देखते हुए वार्ड पार्षद पुष्पेन्द्र साहू ने विद्युत विभाग के सहायक यंत्री को ज्ञापन सौंपकर तत्काल व्यवस्था सुधारने की मांग की है।सौंपे गए ज्ञापन में कहा गया है कि पिछले कई दिनों से क्षेत्र में बिना किसी पूर्व सूचना के दिन और रात में लगातार बिजली कटौती की जा रही है। स्थिति इतनी खराब हो चुकी है कि बिजली हर 5 से 10 मिनट में बंद और चालू हो रही है, जिससे आम जनता को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।पार्षद पुष्पेन्द्र साहू ने कहा कि बार-बार बिजली आने-जाने से घरों में लगे टीवी, फ्रिज, कूलर, पंखे और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण खराब होने की स्थिति में पहुंच रहे हैं। गर्मी के मौसम में लोग परेशान हैं, बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है तथा व्यापारिक गतिविधियों पर भी असर पड़ रहा है।ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि जब उपभोक्ता समय पर बिजली बिल जमा कर रहे हैं, तो विद्युत विभाग अपनी जिम्मेदारी निभाने में क्यों विफल साबित हो रहा है। बिना किसी आंधी-तूफान अथवा तकनीकी सूचना के लगातार हो रही कटौती से जनता में भारी नाराजगी व्याप्त है।पार्षद ने विद्युत विभाग को चेतावनी देते हुए कहा है कि जल्द से जल्द अघोषित बिजली कटौती पर रोक लगाई जाए एवं स्थायी समाधान किया जाए। अन्यथा क्षेत्र की जनता मजबूर होकर विद्युत कार्यालय का घेराव एवं उग्र आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी, जिसकी सम्पूर्ण जिम्मेदारी विद्युत विभाग एवं प्रशासन की होगी।