विकास नंद/ सर्वव्यापी

जनपद पंचायत सरायपाली अंतर्गत ग्राम केना हाई स्कूल में आयोजित सुशासन तिहार 2026 समाधान शिविर में ग्रामीणों की भारी भीड़ उमड़ी और जनसमस्याओं का अंबार देखने को मिला। शिविर में 18 ग्राम पंचायतों के लोगों ने अपनी विभिन्न समस्याओं, मांगों और शिकायतों को लेकर प्रशासन के समक्ष आवेदन प्रस्तुत किए।
शिविर के दौरान कुल 1295 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें 1285 मांग संबंधी तथा 10 शिकायत संबंधी आवेदन शामिल रहे। बड़ी संख्या में प्राप्त आवेदनों से ग्रामीण क्षेत्रों में मूलभूत सुविधाओं और योजनाओं से जुड़ी समस्याएं सामने आईं।समाधान शिविर में विकासखंड स्तर के विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने ग्रामीणों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। शिविर में सड़क, पेयजल, बिजली, प्रधानमंत्री आवास, राशन कार्ड, पेंशन, मनरेगा, राजस्व प्रकरण, भूमि सीमांकन, स्वास्थ्य एवं शिक्षा से संबंधित समस्याओं को लेकर लोगों ने आवेदन सौंपे।
अधिकारियों द्वारा प्राप्त आवेदनों को ऑनलाइन दर्ज कर संबंधित विभागों को समय-सीमा में निराकरण के लिए भेजा गया। प्रशासन ने लोगों को आश्वस्त किया कि सभी आवेदनों का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित निराकरण किया जाएगा।
शिविर में छत्तीसगढ़ राज्य महिला आयोग की सदस्य सरला कोसरिया, जनपद पंचायत सरायपाली की अध्यक्ष लक्ष्मी हरिशचंद्र पटेल, उपाध्यक्ष धर्मेंद्र (मुकेश) चौधरी, जिला पंचायत सदस्य लोकनाथ वारी, जनपद सदस्य कुमारी भास्कर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।