मुढ़ीपार समाधान शिविर में शामिल हुए प्रभारी मंत्री दयालदास बघेल, उमड़ा जनसैलाब…1600 से अधिक आवेदन प्राप्त, हितग्राहियों को मिले पट्टे, ट्राइसाइकिल और सुपोषण किट।

Share Now

विकास नंद/ सर्वव्यापी

प्रदेशव्यापी सुशासन तिहार के अंतर्गत पिथौरा विकासखंड के ग्राम पंचायत मुढ़ीपार में आयोजित समाधान शिविर में ग्रामीणों की भारी भीड़ उमड़ी। शिविर में जिले के प्रभारी मंत्री एवं खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री दयाल दास बघेल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम में सांसद रूपकुमारी चौधरी एवं बसना विधायक संपत अग्रवाल भी उपस्थित रहे।शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का प्रभारी मंत्री एवं अतिथियों ने अवलोकन किया। इस दौरान मंत्री बघेल ने अधिकारियों से प्राप्त आवेदनों के निराकरण की जानकारी लेते हुए निर्देश दिए कि आम जनता की समस्याओं का त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि लंबित मामलों का समय-सीमा में निराकरण किया जाए तथा किसी भी ग्रामीण को अनावश्यक परेशानी न हो।प्रभारी मंत्री दयाल दास बघेल ने कहा कि राज्य शासन जनता की समस्याओं के समाधान के लिए प्रतिबद्ध है। किसानों के लिए खाद की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की गई है तथा समय पर खाद उठाव करने की सलाह दी गई है। उन्होंने कृषि विभाग को निर्देश दिए कि किसानों को किसी प्रकार की दिक्कत न हो।मंत्री ने आंगनबाड़ी केंद्रों की व्यवस्थाओं पर भी जोर देते हुए अधिकारियों को नियमित निरीक्षण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बच्चों एवं महिलाओं को मिलने वाली पोषण एवं स्वास्थ्य सेवाओं की सतत निगरानी आवश्यक है। सुशासन तिहार का उद्देश्य शासन और जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित कर समस्याओं का त्वरित समाधान करना है।सांसद रूपकुमारी चौधरी ने कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार गांव, गरीब, किसान, महिला और युवाओं के विकास के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने ग्रामीणों से शासन की योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ लेने की अपील की। वहीं विधायक संपत अग्रवाल ने कहा कि समाधान शिविरों के माध्यम से लोगों की समस्याओं का निराकरण गांव स्तर पर ही किया जा रहा है, जिससे लोगों को कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ रहे हैं।शिविर में राजस्व, कृषि, पंचायत एवं ग्रामीण विकास, महिला एवं बाल विकास, स्वास्थ्य, खाद्य, शिक्षा तथा सामाजिक कल्याण विभाग द्वारा स्टॉल लगाकर योजनाओं की जानकारी दी गई। कई हितग्राहियों को मौके पर प्रमाण पत्र, स्वीकृति पत्र एवं अन्य लाभ वितरित किए गए।शिविर में 18 ग्रामों से पहुंचे ग्रामीणों द्वारा 1600 से अधिक आवेदन प्रस्तुत किए गए, जिनका निराकरण मौके पर किया जा रहा है। इस दौरान हितग्राहियों को स्वामित्व पट्टा, सुपोषण किट, अन्नप्राशन सामग्री, गोदभराई सहायता तथा 4 दिव्यांगजनों को ट्राइसाइकिल प्रदान की गई। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणजन, जनप्रतिनिधि एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।


Share Now

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page

error: Content is protected !!