विकास नंद/ सर्वव्यापी
खरीफ विपणन वर्ष 2024-25 एवं 2025-26 के अंतर्गत जिले की राईस मिलों द्वारा कस्टम मिलिंग हेतु उठाए गए धान, शेष धान, निर्मित चावल तथा भारतीय खाद्य निगम में जमा किए गए चावल के संयुक्त भौतिक सत्यापन के लिए कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने जांच दल गठित किए हैं।कलेक्टर के निर्देशानुसार महासमुंद, बागबाहरा, पिथौरा, बसना एवं सरायपाली विकासखंडों में संयुक्त जांच दल द्वारा राईस मिलों का निरीक्षण किया जाएगा। प्रत्येक दल में संबंधित मुख्यालय के तहसीलदार, प्रभार क्षेत्र के सहायक खाद्य अधिकारी एवं खाद्य निरीक्षक के साथ जिला विपणन अधिकारी अथवा उनके प्रतिनिधि को शामिल किया गया है।संयुक्त जांच दल राईस मिलों में उपलब्ध शासकीय शेष धान एवं चावल के साथ-साथ निजी धान और चावल का भी भौतिक सत्यापन करेगा। सत्यापन उपरांत संयुक्त हस्ताक्षरित प्रतिवेदन जिला कार्यालय को प्रस्तुत किया जाएगा।कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने भारतीय खाद्य निगम में चावल जमा करने की प्रगति की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों एवं मिलरों को शासन के निर्देशानुसार तत्काल 10 प्रतिशत ब्रोकन चावल जमा कराने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जिन मिलरों द्वारा चावल जमा करने में रुचि नहीं दिखाई जा रही है, उनके यहां भौतिक सत्यापन की कार्रवाई की जाएगी।जिला प्रशासन ने सभी राईस मिल संचालकों को शासन के निर्देशों का पालन सुनिश्चित करते हुए निर्धारित समयावधि में चावल जमा करने के निर्देश दिए हैं।