विकास नंद/सर्वव्यापी

महासमुंद पुलिस ने एक सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोस्तों के बीच शराब पार्टी के दौरान शुरू हुआ विवाद इतना बढ़ गया कि चलती कार में एक युवक की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। इसके बाद आरोपियों ने शव को ठिकाने लगाने के लिए महानदी किनारे एक टापू में गड्ढा खोदकर दफना दिया।पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मृतक भुनेश्वर यादव (38 वर्ष) निवासी इंदिरा कॉलोनी, मंदिर हसौद, रायपुर 22 मई की रात से लापता था। परिजनों द्वारा काफी खोजबीन के बाद 28 मई को थाना मंदिर हसौद में गुम इंसान की रिपोर्ट दर्ज कराई गई। जांच के दौरान मृतक की पत्नी ने बताया कि आखिरी बार फोन पर बातचीत के दौरान उसके पति के साथ नोहर दास रात्रे, अमित सिंह राजपूत और हेमचंद बंजारे की आवाजें सुनाई दी थीं।पुलिस ने संदेह के आधार पर तीनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। मोबाइल लोकेशन और मनोवैज्ञानिक तरीके से पूछताछ में आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। आरोपियों की निशानदेही पर नांदगांव स्थित महानदी किनारे टापू में दफन शव को कार्यपालिक दण्डाधिकारी की मौजूदगी में खुदाई कर बाहर निकाला गया और उसकी पहचान भुनेश्वर यादव के रूप में की गई।जांच में सामने आया कि 22 मई की रात आरोपी नोहर रात्रे की ब्रेजा कार में सभी लोग शराब पीते हुए नांदगांव की ओर जा रहे थे। इसी दौरान मोहल्ले में पानी की समस्या को लेकर मृतक और नोहर रात्रे के बीच विवाद शुरू हुआ। विवाद बढ़ने पर कार के भीतर ही तीनों आरोपियों ने भुनेश्वर यादव के साथ मारपीट की, जिससे उसकी मौत हो गई।मौत के बाद घबराए आरोपियों ने शव को ठिकाने लगाने की साजिश रची। नोहर रात्रे अपने रिश्तेदार मामा श्रवणदास जांगड़े के पास पहुंचा और पूरी घटना बताई। इसके बाद चारों ने मिलकर महानदी किनारे टापू में गड्ढा खोदकर शव दफना दिया।महासमुंद पुलिस ने मामले में अपराध क्रमांक 322/2026 के तहत धारा 103(1), 238 और 3(5) बीएनएस के अंतर्गत प्रकरण दर्ज कर चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त ब्रेजा कार क्रमांक CG 04 PH 9996 तथा चार मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं।गिरफ्तार आरोपियों में नोहर दास रात्रे (35), अमित सिंह राजपूत (37), हेमचंद बंजारे (36) निवासी इंदिरा कॉलोनी मंदिर हसौद रायपुर तथा श्रवणदास जांगड़े (45) निवासी ग्राम नांदगांव, महासमुंद शामिल हैं।