तरुण कौशिक, संपादक सर्वव्यापी
बिलासपुर जिले के चकरभाठा क्षेत्र स्थित ऊर्जा विहार कॉलोनी छतौना के रहवासी इन दिनों लगातार बिजली कटौती की समस्या से जूझ रहे हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि बिजली विभाग की उदासीनता और अव्यवस्थित व्यवस्था के कारण क्षेत्र में घंटों बिजली गुल रहती है, जिससे आम जनजीवन पूरी तरह प्रभावित हो गया है। भीषण गर्मी के बीच लंबे समय तक बिजली बंद रहने से लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।रहवासियों का कहना है कि दिन हो या रात, किसी भी समय अचानक बिजली बंद हो जाती है और कई-कई घंटों तक आपूर्ति बहाल नहीं होती। सबसे अधिक परेशानी छोटे बच्चों, बुजुर्गों और मरीजों को उठानी पड़ रही है। रातभर बिजली नहीं रहने से लोगों की नींद खराब हो रही है, वहीं पेयजल संकट भी गहराने लगा है क्योंकि मोटर पंप बंद होने से पानी की आपूर्ति प्रभावित हो रही है।स्थानीय नागरिकों ने आरोप लगाया कि कई बार शिकायत करने के बावजूद बिजली विभाग के जिम्मेदार अधिकारी समस्या के स्थायी समाधान की दिशा में कोई गंभीर पहल नहीं कर रहे हैं। लोगों का कहना है कि कभी मेंटेनेंस तो कभी लाइन फॉल्ट का हवाला देकर घंटों बिजली बंद रखी जाती है, लेकिन सुधार कार्य का असर जमीनी स्तर पर दिखाई नहीं देता।ऊर्जा विहार छतौना के रहवासियों ने यह भी कहा कि जब नियमित रूप से बिजली बिल वसूला जा रहा है, तब उपभोक्ताओं को सुचारु विद्युत व्यवस्था उपलब्ध कराना विभाग की जिम्मेदारी है। इसके बावजूद क्षेत्र के लोग रोजाना बिजली संकट झेलने को मजबूर हैं।स्थानीय लोगों ने प्रशासन और विद्युत विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों से मांग की है कि ऊर्जा विहार छतौना क्षेत्र में बिजली व्यवस्था का तत्काल निरीक्षण कर स्थायी समाधान निकाला जाए, ताकि आम नागरिकों को राहत मिल सके। रहवासियों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं हुआ तो वे सामूहिक रूप से आंदोलन करने को बाध्य होंगे।