विकास नंद/सर्वव्यापी
जिले में अवैध शराब के निर्माण, बिक्री और तस्करी के खिलाफ महासमुंद पुलिस द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पिछले पांच महीनों में रिकॉर्ड कार्रवाई करते हुए 8,090 लीटर से अधिक अवैध शराब जब्त की गई है। इस अभियान में सरायपाली थाना पूरे जिले में सबसे आगे रहा, जहां अकेले 2,259 लीटर से अधिक अवैध शराब की जब्ती की गई।
पुलिस अधीक्षक कार्यालय से जारी जानकारी के अनुसार जनवरी से मई 2026 तक आबकारी अधिनियम के तहत कुल 640 प्रकरण दर्ज किए गए। इनमें 34(1) एवं 34(2) आबकारी अधिनियम के 466 मामलों में 540 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया। इन मामलों में प्रति प्रकरण औसतन 18 लीटर शराब की जब्ती दर्ज की गई, जो प्रभावी कार्रवाई का संकेत है।
सरायपाली बना अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई का केंद्र
जिले के थानों की रैंकिंग में सरायपाली थाना 2,259.750 लीटर अवैध शराब की जब्ती के साथ प्रथम स्थान पर रहा। इसके बाद बसना (1,443.610 लीटर), सांकरा (1,002.760 लीटर), महासमुंद (755.305 लीटर), पिथौरा (549.290 लीटर) और पटेवा (532.670 लीटर) का स्थान रहा।सीमावर्ती क्षेत्र होने के कारण सरायपाली में अवैध शराब तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस द्वारा लगातार निगरानी और विशेष अभियान चलाए गए, जिनका सकारात्मक परिणाम सामने आया है।
महुआ शराब की सबसे अधिक जब्ती
पांच माह में जब्त कुल 8,090 लीटर शराब में 6,610 लीटर महुआ शराब, 1,191 लीटर देशी शराब तथा 289 लीटर अंग्रेजी शराब शामिल है। पुलिस ने अवैध शराब निर्माण, परिवहन और बिक्री से जुड़े नेटवर्क पर लगातार कार्रवाई कर कई तस्करी मार्गों को भी ध्वस्त किया है।
पिछले वर्षों की तुलना में बड़ी बढ़ोतरी
वर्ष 2024 के पहले पांच महीनों में 5,440 लीटर तथा वर्ष 2025 में केवल 1,330 लीटर अवैध शराब जब्त की गई थी। वहीं वर्ष 2026 में यह आंकड़ा बढ़कर 8,092 लीटर तक पहुंच गया है। साथ ही इस वर्ष 640 प्रकरण दर्ज कर 726 आरोपियों के विरुद्ध कार्रवाई की गई है।
संवाद हेल्प डेस्क बना पुलिस का मजबूत हथियार
महासमुंद पुलिस द्वारा संचालित “शिकायत हेल्प डेस्क–संवाद” व्हाट्सएप नंबर 9479229939 पर प्राप्त गोपनीय सूचनाओं ने इस अभियान में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। ग्रामीण क्षेत्रों, जंगलों और अंदरूनी इलाकों में संचालित अवैध भट्टियों तथा शराब तस्करी की सूचनाओं के आधार पर पुलिस ने सटीक छापेमारी कर बड़ी मात्रा में शराब जब्त की।ढाबों और अवैध बिक्री केंद्रों पर भी कार्रवाईजिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में संचालित ढाबों की जांच के दौरान शराब बेचते पाए गए 28 ढाबों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई, जबकि 12 मामलों में बाउंड-ओवर की कार्रवाई कराई गई।
पुलिस की अपील
महासमुंद पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि अपने क्षेत्र में होने वाली अवैध गतिविधियों, अवैध शराब निर्माण, बिक्री या तस्करी की सूचना संवाद हेल्पलाइन 9479229939 पर दें। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।लगातार कार्रवाई और सख्त निगरानी के चलते जिले में अवैध शराब कारोबारियों के नेटवर्क को बड़ा झटका लगा है। विशेष रूप से सरायपाली क्षेत्र में की गई प्रभावी कार्रवाई ने पुलिस की सक्रियता और अभियान की सफलता को स्पष्ट रूप से सामने रखा है।