खम्हारपाली आरटीओ चेकपोस्ट की सख्ती: ओवरलोड लगेज वाली बसों पर कार्रवाई, 2 लाख का शमन शुल्क वसूला।

Share Now

विकास नंद/ सर्वव्यापी

1

सरायपाली परिवहन चेकपोस्ट खम्हारपाली में छत्तीसगढ़ से ओडिशा एवं झारखंड के लिए संचालित अखिल भारतीय पर्यटक परमिट तथा अन्य यात्री बसों की सघन जांच अभियान लगातार जारी है। जांच के दौरान कई बसों में निर्धारित क्षमता से अधिक लगेज परिवहन करते पाए जाने पर परिवहन विभाग द्वारा कार्रवाई की जा रही है।मई माह में ओवरलोड लगेज और अन्य नियमों के उल्लंघन के मामलों में 15 बसों सहित कई वाहनों पर कार्रवाई करते हुए लगभग 2 लाख रुपये का शमन शुल्क वसूला गया। विभाग द्वारा बस संचालकों को भविष्य में निर्धारित सीमा से अधिक सामान परिवहन नहीं करने की सख्त चेतावनी भी दी जा रही है।यात्रियों की सुरक्षा और सड़क यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से चेकपोस्ट में लगातार विशेष अभियान चलाया जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि यात्री बसों में अत्यधिक लगेज न केवल नियमों का उल्लंघन है, बल्कि यात्रियों की सुरक्षा के लिए भी गंभीर खतरा पैदा करता है।

बैरिकेड्स से नियंत्रित हुई वाहनों की रफ्तार

, आठ माह से नहीं हुई कोई दुर्घटना खम्हारपाली चेकपोस्ट में व्यावसायिक एवं भारी वाहनों की तेज गति से आवाजाही के कारण पहले चेकपोस्ट के दोनों प्रवेश द्वारों पर दुर्घटनाएं होती रहती थीं, जिनमें कई लोग गंभीर रूप से घायल हुए थे। इस समस्या के समाधान के लिए मुख्य मार्ग पर दोनों ओर बैरिकेड्स लगाए गए हैं, जिससे वाहनों की गति नियंत्रित हुई है।इस व्यवस्था का सकारात्मक परिणाम सामने आया है। पिछले आठ महीनों में चेकपोस्ट क्षेत्र में एक भी सड़क दुर्घटना दर्ज नहीं हुई, जिससे स्थानीय लोगों और वाहन चालकों को बड़ी राहत मिली है।

निजी वाहनों को बाईपास से निकालने की व्यवस्था

चेकपोस्ट परिसर में यातायात का दबाव कम करने और आसपास के क्षेत्र को जाम से मुक्त रखने के लिए मोटरसाइकिलों एवं निजी चारपहिया वाहनों को चेकपोस्ट के भीतर प्रवेश नहीं दिया जा रहा है। इन वाहनों को बाहर से ही बाईपास मार्ग के माध्यम से निकाला जा रहा है, जिससे यातायात व्यवस्था सुचारु बनी हुई है और जाम की समस्या में उल्लेखनीय कमी आई है।भीषण गर्मी में यात्रियों और चालकों के लिए विशेष सुविधागर्मी के मौसम को देखते हुए चेकपोस्ट में यात्रियों और वाहन चालकों के लिए पेयजल की विशेष व्यवस्था की गई है। यहां वाटर कूलर और मटकों के माध्यम से शीतल पेयजल उपलब्ध कराया जा रहा है, जिससे लंबी दूरी की यात्रा करने वाले लोगों को राहत मिल रही है।

राजस्व संग्रह में भी बेहतर प्रदर्शन

खम्हारपाली परिवहन चेकपोस्ट ने विगत वित्तीय वर्ष में शासन द्वारा निर्धारित राजस्व लक्ष्य को पार करते हुए 10 प्रतिशत अधिक राजस्व संग्रह दर्ज किया है। विभाग का कहना है कि नियमों के प्रभावी क्रियान्वयन और सतत निगरानी के कारण राजस्व वृद्धि के साथ-साथ सड़क सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था में भी सुधार हुआ है।परिवहन विभाग ने स्पष्ट किया है कि यात्री बसों एवं अन्य वाहनों की जांच और नियम उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।

  1. ↩︎

Share Now

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page

error: Content is protected !!