विकास नंद/ सर्वव्यापी
जिले में सुशासन और जनसेवाओं की गुणवत्ता को बेहतर बनाने के उद्देश्य से आयोजित समय-सीमा की समीक्षा बैठक में कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने विभिन्न विभागों को सख्त और स्पष्ट निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आम जनता को बिजली कटौती की पूर्व सूचना मिलनी चाहिए, खेती बचाओ अभियान को गांव-गांव तक पहुंचाया जाए तथा बरसात के मौसम में संभावित मौसमी बीमारियों को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह सतर्क रहे।मंगलवार को वर्चुअल माध्यम से आयोजित बैठक में जिला पंचायत सीईओ हेमंत नंदनवार, अपर कलेक्टर रवि साहू सहित जिले के सभी राजस्व, पंचायत एवं नगरीय निकायों के अधिकारी शामिल हुए। बैठक में शासन की प्राथमिकताओं, जनकल्याणकारी योजनाओं और लंबित मामलों की विस्तृत समीक्षा की गई।कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि 1 जून से ई-फाइल प्रणाली अनिवार्य रूप से लागू हो चुकी है और अब सभी विभागों को डिजिटल कार्यप्रणाली अपनानी होगी। मैनुअल फाइल संचालन पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।सुशासन तिहार के लंबित आवेदनों पर फोकसबैठक में सुशासन तिहार के अंतर्गत आयोजित शिविरों की समीक्षा करते हुए बताया गया कि जिले में अब तक 37 शिविरों के माध्यम से 30 हजार 493 आवेदन प्राप्त हुए हैं। इनमें बड़ी संख्या में आवेदन अभी लंबित हैं। कलेक्टर ने सभी विभागों को निर्देशित किया कि इस सप्ताह के भीतर लंबित मामलों का गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित किया जाए।बिजली कटौती पर जनता को मिले समय पर जानकारीविद्युत आपूर्ति बाधित होने की स्थिति में आम नागरिकों को होने वाली परेशानियों को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर ने विद्युत विभाग को निर्देश दिया कि बिजली बंद होने के कारण और आपूर्ति बहाल होने का संभावित समय पहले से सार्वजनिक किया जाए। साथ ही अधिकारियों को आम लोगों के फोन कॉल का तत्काल जवाब देने के निर्देश भी दिए गए।खेती बचाओ अभियान को मिलेगी गति1 जून से 30 जून तक चलाए जा रहे “खेती बचाओ अभियान” को लेकर कलेक्टर ने कृषि विभाग को गांव-गांव पहुंचकर किसानों को जागरूक करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसानों को निर्धारित मात्रा में यूरिया एवं डीएपी खाद उपलब्ध कराई जाए तथा खाद भंडारण का नियमित सत्यापन किया जाए। साथ ही नैनो यूरिया और प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने के लिए विशेष जनजागरण अभियान चलाया जाए।बरसात से पहले स्वास्थ्य विभाग को सतर्क रहने के निर्देशआगामी मानसून को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग को मौसमी बीमारियों की रोकथाम के लिए आवश्यक तैयारी करने और समय-समय पर अलर्ट जारी करने के निर्देश दिए गए। वहीं लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग और नगरीय निकायों को स्वच्छ एवं शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने की जिम्मेदारी सुनिश्चित करने को कहा गया।महिला समूहों को मिलेगा पीएम सूर्य घर योजना का लाभबैठक में प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के तहत लोक कल्याण मेले आयोजित कर अधिक से अधिक स्ट्रीट वेंडर्स को लाभान्वित करने पर जोर दिया गया। वहीं पीएम सूर्य घर बिजली योजना के तहत महिला स्व-सहायता समूहों को भी जोड़ने का निर्णय लिया गया। इसके लिए ग्राम पंचायत स्तर पर व्यापक प्रचार-प्रसार के निर्देश दिए गए। जिले में अब तक 3,626 सोलर पैनल स्थापित किए जा चुके हैं।कलेक्टर ने मुख्यमंत्री घोषणाओं, राजस्व प्रकरणों, स्वामित्व योजना, जनदर्शन, पीजी पोर्टल और लोक सेवा गारंटी अधिनियम के अंतर्गत लंबित मामलों की समीक्षा करते हुए सभी अधिकारियों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।