विकास नंद/सर्वव्यापी
कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित जनदर्शन में कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने जिलेभर से पहुंचे नागरिकों की समस्याएं गंभीरता से सुनीं और संबंधित विभागों के अधिकारियों को प्राप्त आवेदनों का प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जनदर्शन में कुल 76 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें राजस्व, कृषि, सड़क, बिजली, सामाजिक सुरक्षा, पीएम किसान सम्मान निधि तथा अन्य जनहित से जुड़े मामले शामिल रहे।कलेक्टर ने सभी आवेदनों का अवलोकन करते हुए अधिकारियों को निर्देशित किया कि पात्र हितग्राहियों को नियमानुसार शासकीय योजनाओं का लाभ दिलाया जाए तथा प्रत्येक आवेदन पर समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने विभागवार आवेदनों को संबंधित अधिकारियों को सौंपते हुए त्वरित निराकरण के लिए आवश्यक कदम उठाने को कहा।जनदर्शन में ग्राम बांसकुड़ा की गीता पटेल ने भू-अधिकार पत्र में सुधार कराने के लिए आवेदन प्रस्तुत किया। वहीं बिरकोनी के किसान चित्रसेन साहू ने अपनी कृषि भूमि तक झूल रहे विद्युत तार को हटाने की मांग की। सेवानिवृत्त भृत्य सुरेश साहू ने उपादान राशि के भुगतान तथा राहुल आर्य ने अंतर्जातीय विवाह अनुदान राशि प्रदान किए जाने के लिए आवेदन दिया।इसके अलावा ग्राम चौकबेडा के ग्रामीणों ने भुरकोनी से चौकबेडा तथा छुईहा-तुपकबोरा मार्ग के डामरीकरण की मांग करते हुए ज्ञापन सौंपा। जनदर्शन में पीएम किसान सम्मान निधि, अवैध अतिक्रमण हटाने, लंबित भुगतान तथा अन्य विभिन्न समस्याओं से संबंधित आवेदन भी प्राप्त हुए।
संवेदनशील पहल:
सिकलसेल पीड़ित मासूम को मिलेगा बेहतर उपचार जनदर्शन के दौरान मानवीय संवेदनशीलता का एक भावुक दृश्य भी देखने को मिला। आवेदक टिकेश्वरी साहू अपने आठ वर्षीय पुत्र परमानंद को लेकर कलेक्ट्रेट पहुंचीं। उन्होंने बताया कि उनका पुत्र जन्म से ही सिकलसेल रोग से पीड़ित है और उसे हर चार माह में रक्त चढ़ाना पड़ता है।मामले की गंभीरता को देखते हुए कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने तत्काल मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को निर्देशित किया कि बच्चे को चिरायु योजना का लाभ दिलाया जाए तथा उसके बेहतर और समुचित उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। कलेक्टर की इस संवेदनशील पहल से परिवार को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद जगी है।जनदर्शन में जिला पंचायत सीईओ हेमंत नंदनवार, अपर कलेक्टर रवि साहू सहित सभी जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे। जनसुनवाई के माध्यम से प्रशासन ने एक बार फिर आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दिखाई।