विकास नंद/ सर्वव्यापी

आम नागरिकों की शिकायतों एवं समस्याओं के त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निराकरण को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से आज कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में मुख्यमंत्री हेल्पलाइन सेवा से संबंधित एक विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रशिक्षण में जिले के सभी विभागों के अधिकारियों को मुख्यमंत्री हेल्पलाइन की कार्यप्रणाली, शिकायतों के निराकरण की प्रक्रिया तथा समयबद्ध कार्रवाई के विभिन्न पहलुओं की विस्तृत जानकारी दी गई।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में अधिकारियों को बताया गया कि मुख्यमंत्री हेल्पलाइन राज्य शासन की एक महत्वपूर्ण जनहितकारी व्यवस्था है, जिसके माध्यम से नागरिक अपनी समस्याओं, शिकायतों और सुझावों को सीधे शासन तक पहुंचा सकते हैं। ऐसे में प्रत्येक शिकायत का संवेदनशीलता, गंभीरता और निर्धारित समय-सीमा के भीतर निराकरण सुनिश्चित करना अधिकारियों की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है।कार्यक्रम के दौरान हेल्पलाइन पोर्टल के संचालन, शिकायतों की ऑनलाइन मॉनिटरिंग, फीडबैक प्रक्रिया, निराकरण की गुणवत्ता तथा लंबित प्रकरणों के शीघ्र निपटारे से संबंधित बिंदुओं पर विस्तार से प्रशिक्षण दिया गया। अधिकारियों को शिकायतों के समाधान में पारदर्शिता, जवाबदेही और नागरिक संतुष्टि को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश भी दिए गए।प्रशिक्षण में कलेक्टर विनय कुमार लंगेह, डीएफओ मयंक पांडे, जिला पंचायत सीईओ हेमंत नंदनवार, अपर कलेक्टर रवि साहू सहित जिले के सभी जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्देश्य मुख्यमंत्री हेल्पलाइन सेवा के प्रभावी संचालन को सुनिश्चित करना तथा नागरिकों की समस्याओं के त्वरित, गुणवत्तापूर्ण एवं संतोषजनक निराकरण के लिए अधिकारियों की क्षमता को और सुदृढ़ बनाना रहा। प्रशासन का प्रयास है कि प्रत्येक शिकायत का समयबद्ध समाधान हो और सुशासन की भावना के अनुरूप आमजन को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकें।