विकास नंद/ सर्वव्यापी
जिले में संचालित खेत बचाओ अभियान के अंतर्गत कृषि विभाग द्वारा किसानों को जागरूक करने के लिए विभिन्न ग्रामों में कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में बसना एवं सरायपाली विकासखंड के ग्राम पंचायत नौगड़ी, जोगनीपाली, बालसी, भोथलडीह, सिरबोड़ा, चकरदा, बिरकोल, परसदा, कोटेनदरहा सहित अन्य गांवों में कृषक जागरूकता कार्यक्रम संपन्न हुए।कार्यक्रमों में किसानों को टिकाऊ एवं वैज्ञानिक खेती को बढ़ावा देने के उद्देश्य से कृषि विभाग की विभिन्न योजनाओं, आधुनिक कृषि तकनीकों तथा मृदा संरक्षण संबंधी उपायों की जानकारी दी गई। कृषि विशेषज्ञों ने हरी खाद के उपयोग, रासायनिक उर्वरकों के संतुलित एवं सीमित प्रयोग तथा मिट्टी की उर्वरता बनाए रखने के महत्व पर विस्तार से चर्चा की।किसानों को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की पात्रता, लाभ एवं आवेदन प्रक्रिया की जानकारी भी प्रदान की गई। साथ ही धान उत्पादन में जैविक विकल्पों को बढ़ावा देने के लिए ब्लू ग्रीन एल्गी (बीजीए) यूनिट स्थापना के लाभ और इसकी प्रक्रिया से अवगत कराया गया।अभियान के दौरान पात्र कृषकों को एग्रीस्टैक पंजीयन के लिए प्रेरित करते हुए इसके माध्यम से मिलने वाली सुविधाओं एवं भविष्य के लाभों की जानकारी दी गई। कृषि विभाग के अधिकारियों ने किसानों को विभिन्न अनुदान योजनाओं, कृषि विकास कार्यक्रमों तथा विभागीय सुविधाओं के बारे में भी विस्तार से बताया।कार्यक्रम में उपस्थित किसानों ने कृषि विशेषज्ञों से खेती से जुड़ी समस्याओं, चुनौतियों और जिज्ञासाओं पर चर्चा कर समाधान प्राप्त किया। कृषि विभाग का यह जागरूकता अभियान किसानों को आधुनिक, लाभकारी एवं पर्यावरण-अनुकूल खेती की ओर प्रेरित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।