विकास नंद/ सर्वव्यापी
राज्य में आम नागरिकों की शिकायतों के समयबद्ध और प्रभावी निराकरण के लिए जल्द ही सीएम हेल्पलाइन 1076 की शुरुआत होने जा रही है। इस व्यवस्था के प्रभावी संचालन को लेकर बुधवार को संयुक्त जिला कार्यालय सभाकक्ष में जिले के अधिकारी-कर्मचारियों के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया।प्रशिक्षण कार्यक्रम में कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने सभी विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि सीएम हेल्पलाइन के माध्यम से प्राप्त होने वाले आवेदनों एवं शिकायतों का निर्धारित समयावधि में प्राथमिकता के साथ गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि यह व्यवस्था आम नागरिकों को अपनी समस्याएं दर्ज कराने और उनके समाधान की स्थिति जानने के लिए एकीकृत, सुलभ और विश्वसनीय मंच प्रदान करेगी।कार्यक्रम में राज्य स्तरीय प्रशिक्षण दल के प्रमुख आर.के. शर्मा एवं आईटी मैनेजर सौरभ श्रीकांत ने पीपीटी प्रस्तुतीकरण के माध्यम से शिकायत प्रबंधन प्रणाली की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि हेल्पलाइन के माध्यम से प्राप्त शिकायतों के पंजीयन, निगरानी, समाधान एवं फीडबैक तक की पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन और तकनीक आधारित होगी।आर.के. शर्मा ने बताया कि सीएम हेल्पलाइन सेंटर सप्ताह के सातों दिन, 24 घंटे संचालित रहेगा। प्रदेश का कोई भी नागरिक टोल-फ्री नंबर 1076 एवं 18002333300, वेब पोर्टल, मोबाइल ऐप या व्हाट्सएप के माध्यम से अपनी शिकायत दर्ज करा सकेगा। शिकायत दर्ज होते ही आवेदक को एक विशिष्ट पहचान संख्या प्राप्त होगी, जिसके जरिए वह अपनी शिकायत की वर्तमान स्थिति, संबंधित विभाग, अधिकारी एवं समाधान की समय-सीमा की जानकारी प्राप्त कर सकेगा।उन्होंने बताया कि इस प्रणाली में नागरिकों के फीडबैक को विशेष महत्व दिया गया है। शिकायत के समाधान के बाद संबंधित आवेदक से संपर्क कर उसकी प्रतिक्रिया ली जाएगी। यदि आवेदक समाधान से संतुष्ट नहीं होता है तो शिकायत स्वतः पुनः सक्रिय हो जाएगी और आगे की कार्रवाई की जाएगी।कलेक्टर ने कहा कि मुख्यमंत्री कार्यालय एवं वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा इस पूरी व्यवस्था की रियल-टाइम मॉनिटरिंग की जाएगी, जिससे प्रशासनिक जवाबदेही, पारदर्शिता और कार्यकुशलता में वृद्धि होगी तथा आम नागरिकों की समस्याओं का शीघ्र समाधान सुनिश्चित किया जा सकेगा।प्रशिक्षण कार्यक्रम में वनमंडलाधिकारी मयंक पांडेय, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी हेमंत नंदनवार, अपर कलेक्टर रवि साहू, राजस्व अनुविभागीय अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।