स्वतंत्रता दिवस पर मुख्य अतिथि धरम लाल कौशिक ने फहराया तिरंगा।

Share Now

नूर मोहम्मद/ गौरेला, पेंड्रा, मरवाही/(सर्वाव्यापी)

स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आज गुरुकुल खेल मैदान पेण्ड्रारोड में आयोजित मुख्य समारोह में बिल्हा विधानसभा क्षेत्र के विधायक धरम लाल कौशिक ने आन-बान और शान का प्रतीक राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा फहराया। समारोह के मुख्य अतिथि धरम लाल कौशिक ने कलेक्टर लीना कमलेश मंडावी, पुलिस अधीक्षक एस आर भगत एवं परेड कमांडर भुपेंद्र कुर्रे के साथ सुसज्जित निरीक्षण वाहन में सवार होकर परेड का निरीक्षण किया और लोगों का अभिवादन स्वीकार किया।

मुख्य अतिथि ने शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, सिंचाई, सुरक्षा, संचार, अधोसंरचना, नवाचार, सामाजिक क्षेत्र सहित प्रदेश के चहुंमुखी विकास में हुए अभूतपूर्व उपलब्धियों का मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की जनता के नाम संदेश का वाचन कर जन-जन तक पहुंचाया। उन्होंने मुख्यमंत्री का जनता के नाम संदेश में कहा कि छत्तीसगढ़ राज्य को संवारने के लिए आप सभी के सहयोग से हम दृढ़ संकल्प के साथ निरंतर आगे बढ़ रहे हैं। गोस्वामी तुलसीदास जी का रामकाजु कीन्हें बिनु मोहि कहां विश्राम, हमारा आदर्श वाक्य है।

समारोह में शांति एवं सद्भावना का प्रतीक के रूप में तीन रंगों-केसरिया, सफेद एवं हरे रंग के गुब्बारों का गुच्छा स्वतंत्रता दिवस अमर रहे की उद्घोष के साथ खुले आसमान में छोड़े गए। राष्ट्रगान की धुन पर जिला पुलिस बल द्वारा तीन राउंड में हर्ष फायर किया गया। समारोह में परेड की टुकड़ियों द्वारा सधे हुए और कदम-ताल मिलाते हुए शानदार मार्च पास्ट किया गया, जो आकर्षण का केंद्र रहा। मुख्य अतिथि ने सभी प्लाटून कमांडरों से परिचय प्राप्त किया और उनके साथ फोटो सेशन कराया। परेड में जिला पुलिस बल, वन विभाग बल, राष्ट्रीय कैडेट कोर, रेडक्रॉस, रोवर, राष्ट्रीय सेवा योजना, स्काउट, स्काउट रेंजर, गाईड्स और स्काउट की तुकड़ियों ने भाग लिया। मुख्य अतिथि कौशिक ने समारोह में नक्सली मुठभेड़ में शहीद हुए स्वर्गीय शिव नारायण सिंह बघेल के परिवारजनों को सम्मानित किया। गरिमामय स्वतंत्रता दिवस समारोह में देश प्रेम, बलिदान और संस्कृति पर आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रमों की स्कूली बच्चों ने शानदार प्रस्तुति दी। भाग, भाग रे भाग फिरंगी झांसी की रानी आयी है, देशभक्ति गीत से दर्शक भाव विभोर हुए। सास्कृतिक कार्यक्रम में मिश्री देवी कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय गौरेला को प्रथम, एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय डोंगरिया को द्वितीय और पीएमश्री कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पेण्ड्रा को तृतीय स्थान प्राप्त हुआ। परेड में एनसीसी पीएमश्री कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पेण्ड्रा को प्रथम, जिला पुलिस बल को द्वितीय और रेड क्रास शासकीय गुरूकुल विद्यालय पेण्ड्रारोड को तृतीय स्थान प्राप्त हुआ। मुख्य अतिथि ने समारोह में उत्कृष्ठ सेवाओं के लिए 60 शासकीय सेवकों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। स्वतंत्रता दिवस समारोह में मरवाही विधायक प्रणव कुमार मरपच्ची, जिला पंचायत अध्यक्ष समीरा पैकरा, अध्यक्ष नगरपालिका परिषद गौरेला मुकेश दुबे सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक, अपर कलेक्टर नम्रता आनंद डोंगरे, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ओम चंदेल, जिला पंचायत सीईओ मुकेश रावटे, विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, मीडिया प्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में जिलेवासी उपस्थित थे।


Share Now

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page

error: Content is protected !!