तरुण कौशिक/ संपादक सर्वव्यापी/
बिलासपुर नगर निगम चुनाव संपन्न हुए करीब छह माह बीत चुके हैं, लेकिन शहर के वार्ड क्रमांक 5 (भगत सिंह आजाद नगर एवं यादव नगर) में नागरिक मूलभूत सुविधाओं के लिए तरस रहे हैं। भीषण गर्मी के दौरान पेयजल संकट झेलने के बाद अब बरसात में भी पानी की समस्या जस की तस बनी हुई है। इसके साथ ही वार्ड में प्रकाश व्यवस्था पूरी तरह से ठप पड़ी हुई है।वार्ड की पार्षद गायत्री लक्ष्मीनाथ साहू ने बताया कि कई बार नगर निगम प्रशासन, महापौर और अधिकारियों से लिखित एवं मौखिक निवेदन किया गया, लेकिन आज तक पेयजल और लाइट व्यवस्था के लिए कोई राशि स्वीकृत नहीं की गई। इससे वार्डवासियों में गहरी नाराजगी है।निगम प्रशासन की इस लापरवाही के खिलाफ पार्षद साहू ने वार्डवासियों के साथ आंदोलन का ऐलान किया है। उन्होंने बताया कि कल 19 अगस्त 2025 को दोपहर 12 बजे नगर निगम मुख्यालय (विकास भवन) का घेराव किया जाएगा। इसमें वार्डवासी, महिला-पुरुष और कार्यकर्ता बड़ी संख्या में शामिल होकर “सुविधा नहीं तो टैक्स नहीं” का नारा बुलंद करेंगे।वार्डवासियों का कहना है कि चुनावी वादों के बावजूद उन्हें अब तक बुनियादी सुविधाएं नहीं मिलीं, लिहाजा इस आंदोलन के जरिए अपनी आवाज मजबूती से उठाई जाएगी।