विकास नंद/ सर्वव्यापी/
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने अपने जापान प्रवास के दौरान ओसाका में आयोजित इन्वेस्टर कनेक्ट कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ प्राकृतिक संसाधनों, प्रतिभाशाली मानवबल और उद्योग-अनुकूल नीतियों का अद्वितीय संगम है। उन्होंने जापानी कंपनियों से प्रदेश की विकास यात्रा में भागीदार बनने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने सरताज फूड्स, ओसाका को छत्तीसगढ़ में 11.45 मिलियन डॉलर (₹100 करोड़) की फूड प्रोसेसिंग यूनिट स्थापित करने का प्रस्ताव दिया। यह परियोजना राज्य के कृषि और फूड प्रोसेसिंग क्षेत्र को नई ऊँचाई देगी, किसानों को बेहतर अवसर प्रदान करेगी और बड़े पैमाने पर रोजगार सृजन करेगी।
इसके अलावा मुख्यमंत्री साय ने मोराबु हंशिन कंपनी के प्रेसिडेंट नाओयुकी शिमाडा से मुलाकात की और कौशल प्रशिक्षण तथा वर्कफोर्स एक्सचेंज पर सहयोग की संभावनाओं पर चर्चा की।
इससे छत्तीसगढ़ के युवाओं को वैश्विक अवसरों से जोड़ने का मार्ग प्रशस्त होगा।
राज्य के अधिकारियों ने भी छत्तीसगढ़ की निवेश-अनुकूल नीतियों, खनिज संपदा, सिंगल-विंडो सिस्टम और विश्वस्तरीय औद्योगिक ढाँचे की जानकारी दी।
जापानी प्रतिनिधियों ने राज्य के प्रयासों की सराहना करते हुए फूड प्रोसेसिंग, टेक्नोलॉजी और उन्नत वर्कफोर्स सॉल्यूशंस जैसे क्षेत्रों में निवेश की गहरी रुचि दिखाई।
मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ वैश्विक साझेदारों को अवसर और सहयोग दोनों प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है।
ओसाका में हुई चर्चाएँ किसानों, युवाओं और उद्योगों के लिए नए आयाम खोलेंगी और विकसित छत्तीसगढ़ की नींव को और सशक्त बनाएँगी।