विकास नंद /सर्वव्यापी/
छत्तीसगढ़ के सभी शराब दुकानों में अब जल्द ही कैशलेश व्यवस्था लागू की जाएगी। ग्राहक अब शराब की खरीदारी ऑनलाइन भुगतान के माध्यम से कर सकेंगे।
यह निर्देश आबकारी मंत्री लखन लाल देवांगन ने सोमवार को आबकारी विभाग की समीक्षा बैठक में दिए।मंत्री देवांगन ने कहा कि शराब दुकानों में शत-प्रतिशत ऑनलाइन भुगतान को प्रोत्साहित किया जाए। साथ ही मुख्यमंत्री की मंशा के अनुरूप सभी दुकानों में सीसीटीवी कैमरे स्थापित कर मुख्यालय से 24 घंटे निगरानी सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने अवैध मदिरा और मादक पदार्थों के निर्माण, संग्रहण, परिवहन व बिक्री पर कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए।उन्होंने अंतर्राज्यीय सीमाओं पर स्थित आबकारी चौकियों में सतर्कता बढ़ाने, होटल-ढाबों और फार्म हाउसों में शराब की अवैध बिक्री व सेवन रोकने पर विशेष ध्यान देने को कहा। मंत्री ने फार्म हाउसों में होने वाली शराब पार्टियों पर भी कार्रवाई के निर्देश अधिकारियों को दिए।
बैठक में विभागीय सचिव आर. शंगीता ने प्रस्तुतिकरण के माध्यम से गतिविधियों की जानकारी दी।
इस अवसर पर विशेष सचिव देवेन्द्र कुमार भारद्वाज, अपर आयुक्त आशीष श्रीवास्तव, पी.एल. साहू, .के. भगत सहित छत्तीसगढ़ स्टेट मार्केटिंग कॉरपोरेशन लिमिटेड और छत्तीसगढ़ स्टेट बेवरेजेस कॉरपोरेशन के अधिकारी उपस्थित थे।