विकास नंद/ सर्वव्यापी/
राजधानी रायपुर के बेबीलॉन टावर में बीती रात लगी भीषण आग को जिला प्रशासन, पुलिस और साहसी युवाओं की त्वरित सूझबूझ से बिना जनहानि के नियंत्रित कर लिया गया। मुख्यमंत्री साय के निर्देश पर तत्काल रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया, जिसमें फंसे सभी लोगों को सुरक्षित निकाल लिया गया।
इस बचाव अभियान में जांबाज युवाओं ने अपनी जान की परवाह किए बिना लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। उनके साहसिक योगदान की सराहना करते हुए कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह और एसएसपी डॉ. लाल उम्मेद सिंह ने उन्हें शॉल और किताब देकर सम्मानित किया।
इस अवसर पर कलेक्टर ने कहा कि ऐसे युवा समाज के लिए प्रेरणास्त्रोत हैं और पूरे शहर का गौरव हैं।
रेस्क्यू ऑपरेशन में सोमेश साव, देवाशीष बरिहा, आकाश साहू, विशाल यादव, अभिषेक सिन्हा और नगर निगम कर्मचारी ए. वेनूगोपाल ने उल्लेखनीय भूमिका निभाई। जिला सेनानी अधिकारी पुष्पराज सिंह, तेलीबांधा थाना टीआई और एसडीआरएफ टीम ने भी घटना पर नियंत्रण पाने में अहम योगदान दिया।कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने कहा कि युवाओं ने अपने संस्कारों और समाज के प्रति जिम्मेदारी का परिचय देते हुए कठिन समय में दूसरों की मदद की है।
उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री साय के आगमन के दौरान एयरपोर्ट पर ही सूचना मिली, जिस पर मुख्यमंत्री ने उन्हें और एसएसपी को तुरंत मौके पर जाकर राहत कार्य में जुटने का निर्देश दिया।
रेस्क्यू टीम ने सातवें माले तक पहुंचकर लोगों को शांत कराया और सुरक्षित बाहर निकाला।
इस दौरान एक दिव्यांग व्यक्ति को गोद में उठाकर बाहर लाया गया। सोमेश साव और उनकी टीम ने फायर इक्विपमेंट और गीले कपड़ों का उपयोग कर आग बुझाने और लोगों को सुरक्षित निकालने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।यह घटना इस बात का प्रमाण है कि प्रशासनिक अमले और समाज के साहसी युवाओं के संयुक्त प्रयास से किसी भी बड़ी आपदा को टाला जा सकता है।