विकास नंद/ सर्वव्यापी/
रायपुर कांग्रेस प्रदेश कार्यकारिणी की महत्वपूर्ण बैठक प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज और नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत की अध्यक्षता में संपन्न हुई।
बैठक में पूर्व मंत्री रविन्द्र चौबे के बयान पर अनुशासनात्मक कार्यवाही के लिए प्रस्ताव भी पारित किया गया।
इस दौरान मीडिया से चर्चा करते हुए डॉ. चरणदास महंत ने तल्ख़ अंदाज में कहा कि विवादित बयानों के लिए सीधे नेताओं की ग़लती नहीं मानी जानी चाहिए। दरअसल, उनके इर्द-गिर्द मौजूद कुछ लोग ही बेवजह नेताओं की छवि बिगाड़ते हैं।
उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा, “जो नेताओं के चमचे होते हैं, वही अपने नेताओं को कभी मुख्यमंत्री तो कभी प्रदेश अध्यक्ष बनाने के बेतुके बयान देते रहते हैं। ऐसे लोगों को नेता संभाल कर रखें और बेवजह बयानबाजी न करने के लिए निर्देशित करें।”
बैठक में संगठन की मजबूती, आगामी कार्यक्रमों की रणनीति और अनुशासन बनाए रखने पर विशेष चर्चा हुई। प्रदेश कांग्रेस नेतृत्व ने साफ संकेत दिया है कि पार्टी के भीतर अनावश्यक बयानबाजी और आपसी खींचतान बर्दाश्त नहीं की जाएगी।डॉ. महंत के इस बयान ने कार्यकारिणी बैठक को और अधिक चर्चा का विषय बना दिया है।
इसे लेकर राजनीतिक गलियारों में हलचल तेज हो गई है, वहीं कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच भी इस बयान की व्यापक चर्चा हो रही है।