विकास नंद/ सर्वव्यापी/
छत्तीसगढ़ राज्य सड़क सुरक्षा परिषद की बैठक में यह निर्णय लिया गया कि भारत सरकार की राहवीर योजना के अंतर्गत सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायलों को अस्पताल पहुंचाने वाले राहवीरों को 25 हजार रुपये की नगद राशि से पुरस्कृत किया जाएगा।
यह पुरस्कार किसी एक राहवीर को अधिकतम पाँच बार मिल सकेगा।
परिवहन मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि ऐसे राहवीरों को स्वतंत्रता दिवस और गणतंत्र दिवस जैसे विशेष अवसरों पर सम्मानित भी किया जाएगा।
इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री अरुण साव और विजय शर्मा ने अधिकारियों को योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के निर्देश दिए और इसमें स्वयंसेवी संगठनों, स्कूलों व कॉलेजों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
बैठक में यह भी तय किया गया कि दोपहिया वाहनों पर हेलमेट और चारपहिया वाहनों में सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से पालन कराया जाएगा। साथ ही मालवाहक वाहनों में यात्री ढोने वालों पर सख्त कार्यवाही होगी। सड़कों पर आवारा पशुओं को हटाने, ब्लैक स्पॉट पर सुरक्षात्मक उपाय करने, तथा राहवीर योजना के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए होर्डिंग और सोशल मीडिया अभियान चलाने के निर्देश भी दिए गए।बैठक में बताया गया कि राज्य में 22 पेट्रोलिंग टीम और 113 काउ केचर टीम गठित की गई हैं, जो सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम और आवारा पशुओं को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने का कार्य कर रही हैं।
बैठक में विधायक अनुज शर्मा, पुलिस महानिरीक्षक अरुण देव गौतम, पीडब्ल्यूडी सचिव डॉ. कमलप्रीत सिंह, परिवहन सचिव एस. प्रकाश, परिवहन आयुक्त डी. रविशंकर समेत विभिन्न विभागों और एनएचएआई के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।