विकास नंद/सर्वव्यापी/
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज राजधानी रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास कार्यालय से अजीम प्रेमजी स्कॉलरशिप योजना का शुभारंभ किया।
इस अवसर पर उन्होंने कहा कि बेटियों की शिक्षा से केवल परिवार ही नहीं, बल्कि पूरी पीढ़ियाँ शिक्षित होती हैं।
प्रदेश सरकार बेटियों की उच्च शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।इस योजना के तहत प्रदेश के शासकीय विद्यालयों से 10वीं और 12वीं उत्तीर्ण करने वाली छात्राओं को देश के किसी भी मान्यता प्राप्त संस्थान में स्नातक अथवा डिप्लोमा की पढ़ाई हेतु वार्षिक 30 हजार रुपए की वित्तीय सहायता दी जाएगी।
योजना का लाभ सत्र 2025-26 से प्रवेश लेने वाली नियमित छात्राओं को मिलेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह पहल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ संकल्प को आगे बढ़ाएगी और आर्थिक दिक्कतें अब बेटियों की पढ़ाई में बाधा नहीं बनेंगी।
आवेदन प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन और नि:शुल्क होगी। छात्राएँ वेबसाइट अथवा क्यूआर कोड स्कैन कर आवेदन कर सकेंगी। आवेदन दो चरणों में स्वीकार किए जाएँगे—पहला चरण 10 से 30 सितम्बर 2025 तक तथा दूसरा चरण 10 से 31 जनवरी 2026 तक।
साय ने कहा कि इस स्कॉलरशिप से हजारों बेटियों को अपने सपनों को साकार करने का अवसर मिलेगा और प्रदेश में बालिकाओं की उच्च शिक्षा में नामांकन दर में वृद्धि होगी।कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री अरुण साव, वन मंत्री केदार कश्यप, मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव सुबोध कुमार सिंह, उच्च शिक्षा सचिव डॉ. एस. भारतीदासन, आयुक्त संतोष देवांगन, संचालक विजय दयाराम के. तथा अजीम प्रेमजी फाउंडेशन के स्टेट हेड सुनील शाह उपस्थित थे।