विकास नंद/ सर्वव्यापी/

महासमुंद – मलेशिया में 13 से 19 सितम्बर 2025 तक आयोजित हो रहे FIBA अंडर 16 वूमेंस एशिया कप में भारतीय महिला बास्केटबॉल टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए लगातार तीन मैच जीतकर सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया है। इस ऐतिहासिक उपलब्धि में छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले की खिलाड़ी दिव्या रंगारी (पिता विनोद रंगारी) भी भारतीय टीम का हिस्सा हैं।
भारतीय टीम ने पहले मैच में ईरान को 70-67 अंकों से हराया, दूसरे मैच में उज्बेकिस्तान को 81-69 से परास्त किया और तीसरे मैच में समोआ को 71-54 के बड़े अंतर से मात देकर सेमीफाइनल का टिकट पक्का किया। अब भारत 18 सितम्बर को सेमीफाइनल खेलेगा।
भारतीय टीम में छत्तीसगढ़ के अलावा तमिलनाडु, कर्नाटक, केरल, महाराष्ट्र, गुजरात और तेलंगाना के खिलाड़ी शामिल हैं। भारतीय टीम के इस प्रदर्शन से प्रदेश और जिले में खुशी की लहर दौड़ गई है।
सेमीफाइनल में पहुंचने पर छत्तीसगढ़ प्रदेश बास्केटबॉल संघ के अध्यक्ष राजीव जैन, चेयरमैन विजय अग्रवाल, नरेश डाकलिया, राजीव चौबे, राजेश गौर, भारतीय टीम की मुख्य प्रशिक्षक अनिथा पॉलदुरई, सहायक प्रशिक्षक रोहित व उमाकांत, सांसद रूपकुमारी चौधरी, विधायक महासमुंद योगेश्वर राजू सिंहा, कलेक्टर विनय कुमार लंगेह, सीईओ हेमंत नंदनवार, अपर कलेक्टर रवि साहू, जिला खेल अधिकारी मनोज धृतलहरे सहित जिला बास्केटबॉल संघ महासमुंद के अध्यक्ष नुरेन चंद्राकर, सचिव शुभम तिवारी व अन्य पदाधिकारियों, खिलाड़ियों, जनप्रतिनिधियों तथा परिजनों ने दिव्या सहित भारतीय टीम को शुभकामनाएं प्रेषित कीं।
भारत की इस उपलब्धि ने न केवल देश का मान बढ़ाया है, बल्कि महासमुंद जिले का नाम भी राष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित किया है।