विकास नंद/सर्वव्यापी/

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की अध्यक्षता में आज मंत्रालय महानदी भवन में आयोजित 6वीं राज्य सैनिक समिति की बैठक में शहीद सैनिकों एवं भूतपूर्व सैनिकों के हित में कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।
बैठक में युद्ध एवं सैनिक कार्यवाही में शहीद सैनिकों की पत्नी अथवा आश्रितों को दी जाने वाली अनुग्रह राशि 20 लाख से बढ़ाकर 50 लाख रुपये कर दी गई है। वहीं परमवीर चक्र प्राप्त वीर जवानों को अब 40 लाख की जगह 1 करोड़ रुपये की अनुग्रह राशि प्रदान की जाएगी।
बैठक में सैनिकों के माता-पिता को दी जाने वाली जंगी इनाम राशि 5 हजार रुपये प्रतिवर्ष से बढ़ाकर 20 हजार रुपये करने, युद्ध अथवा सैनिक कार्यवाही में दिव्यांग हुए सैनिकों की अनुदान राशि 10 लाख से बढ़ाकर 30 लाख करने और सेवारत सैनिकों, भूतपूर्व सैनिकों एवं विधवाओं को प्रथम भूमि/गृह क्रय करने पर 25 लाख रुपये तक के स्टाम्प शुल्क में छूट देने का भी निर्णय लिया गया।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि हमारे सैनिक देश की सुरक्षा के लिए अपना जीवन न्यौछावर करते हैं। उनके शौर्य और बलिदान को नमन करना हमारा कर्तव्य है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार भूतपूर्व सैनिकों और उनके परिवारों के कल्याण के लिए सदैव प्रतिबद्ध है।
बैठक में उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा, सांसद रायपुर बृजमोहन अग्रवाल, सेना एवं प्रशासनिक अधिकारियों सहित राज्य सैनिक समिति के सदस्य उपस्थित थे।