तरुण कौशिक/संपादक सर्वव्यापी/
छत्तीसगढ़ की राजनीति में इस बार नवरात्रि सिर्फ़ पूजा-अर्चना और गरबा तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि सत्ता के गलियारों में भी डमरू बजने वाले हैं। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय अब अपने राजनीतिक ‘नवरात्रि पर्व’ की तैयारी में जुट गए हैं। चर्चा है कि इस पावन मौके पर वे अपने सलाहकार, संसदीय सचिव, बचे हुए निगम-मंडल-आयोग बोर्ड और जिला सहकारी केंद्रीय बैंकों में नियुक्तियों की घोषणा करेंगे।राजनीतिक गलियारों में इसे लेकर खूब चुटकुले भी तैर रहे हैं। एक नेता ने मज़ाक में कहा कि भक्ति में शक्ति होती है, और सत्ता में कुर्सी। इस बार मां दुर्गा के साथ-साथ मुख्यमंत्री जी भी सबको प्रसाद देंगे, कहीं सलाहकार का, तो कहीं चेयरमैन का।भाजपा खेमे में पहले से ही कई नेता ‘प्रतीक्षा सूची’ में बैठे हैं। नियुक्तियों की सुगबुगाहट से उनके चेहरे पर नवरात्रि से पहले ही ‘दीपावली’ जैसी चमक लौट आई है। उधर, विपक्ष ने तंज कसा है कि साय सरकार नवरात्रि में भी सत्ता साधना में जुटी है भक्तों को देवी, और कार्यकर्ताओं को कुर्सी चाहिए।अब देखना यह होगा कि नवरात्रि में दुर्गा पूजा नौ दिनों में मुख्यमंत्री विष्णु देव कितनों की झोली भरते हैं..!


