विकास नंद/ सर्वव्यापी/
रेत माफिया और पामगढ़ विधायक शेषराज हरवंश के वायरल ऑडियो को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने मोर्चा खोल दिया है। भाजपा महिला मोर्चा ने आज अंबेडकर चौक में जोरदार प्रदर्शन करते हुए “रेत चोर गद्दी छोड़” के नारे लगाए और विधायक शेषराज हरवंश का पुतला जलाया।
गौरतलब है कि हाल ही में विधायक शेषराज हरवंश का रेत माफिया से बातचीत का ऑडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुआ था।
इस मामले पर विधायक सहित पीसीसी चीफ की सफाई भी सामने आ चुकी है, लेकिन भाजपा ने इसे बड़ा मुद्दा बना लिया है।
महिला मोर्चा कार्यकर्ताओं का कहना है कि रेत घोटाले में संलिप्त लोगों को जनता बख्शने वाली नहीं है और उनकी जिम्मेदारी तय की जानी चाहिए।
कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी है कि यदि सरकार ने इस मामले पर कार्रवाई नहीं की तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।


