विकास नंद/ सर्वव्यापी/
स्वामी आत्मानंद शासकीय इंग्लिश मीडियम स्कूल सरायपाली में आज आयोजित निःशुल्क सरस्वती सायकल वितरण योजना के कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि राज्य महिला आयोग की सदस्य सरला कोसरिया सम्मिलित हुईं। कार्यक्रम में उन्होंने स्कूली छात्राओं को साइकिल वितरित की और कहा कि यह योजना बेटियों की शिक्षा के लिए एक मील का पत्थर है।उन्होंने अपने उद्बोधन में कहा कि छत्तीसगढ़ शासन की यह महती योजना बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ के संकल्प को मजबूती देने वाली है।
ग्रामीण व दूरस्थ अंचलों की बालिकाओं को विद्यालय तक पहुंचने में होने वाली कठिनाइयों को देखते हुए शासन द्वारा चलाई जा रही यह पहल उन्हें शिक्षा के मार्ग पर आगे बढ़ाने में सहायक होगी।
सरला कोसरिया ने कहा कि आज की बेटियां हर क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रही हैं। शिक्षा के माध्यम से वे समाज और राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। सरकार की मंशा है कि किसी भी बच्ची की पढ़ाई सिर्फ आने-जाने की कठिनाइयों के कारण बाधित न हो।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्राएं, अभिभावक एवं शिक्षकगण उपस्थित रहे। सभी ने सरस्वती सायकल योजना को बालिकाओं के उज्ज्वल भविष्य के लिए एक प्रेरणादायी कदम बताया।


