मुख्यमंत्री साय ने की बड़ी घोषणा – ओलंपिक प्रतिभागियों को मिलेगा 21 लाख रुपये का प्रोत्साहन। - Sarvavyapi मुख्यमंत्री साय ने की बड़ी घोषणा – ओलंपिक प्रतिभागियों को मिलेगा 21 लाख रुपये का प्रोत्साहन। - Sarvavyapi

मुख्यमंत्री साय ने की बड़ी घोषणा – ओलंपिक प्रतिभागियों को मिलेगा 21 लाख रुपये का प्रोत्साहन।

Share Now

विकास नंद/सर्वव्यापी/

राजधानी रायपुर स्थित सर्किट हाउस सभागार में आज छत्तीसगढ़ ओलंपिक एसोसिएशन की वार्षिक आम सभा बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में वर्ष 2024-25 की ऑडिट रिपोर्ट का अनुमोदन, वर्ष 2025-26 का वार्षिक बजट प्रस्तुतिकरण एवं अनुमोदन, वर्ष 2025-26 हेतु ऑडिटर की नियुक्ति सहित कई महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की गई।बैठक में छत्तीसगढ़ ओलंपिक एसोसिएशन के अध्यक्ष एवं मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने खिलाड़ियों के लिए एक बड़ी घोषणा की। उन्होंने कहा कि अब छत्तीसगढ़ से ओलंपिक में भाग लेने वाले प्रतिभागियों को 21 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है, सरकार इन प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने और राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने के लिए निरंतर प्रयासरत है।मुख्यमंत्री साय ने बताया कि सरकार ने खेल अलंकरण समारोह को पुनः प्रारंभ किया है और जल्द ही उत्कृष्ट खिलाड़ी सम्मान समारोह भी शुरू किया जाएगा। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में खेलो इंडिया के अंतर्गत नए परिसरों की शुरुआत की गई है और केंद्र सरकार के सहयोग से खेल अधोसंरचना को मजबूत किया जा रहा है।उन्होंने यह भी घोषणा की कि ओलंपिक खेलों में स्वर्ण पदक विजेताओं को 3 करोड़, रजत पदक विजेताओं को 2 करोड़ और कांस्य पदक विजेताओं को 1 करोड़ रुपये की राशि दी जाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि इससे खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ेगा और वे देश-प्रदेश का नाम रोशन करेंगे।मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार खेलों का बजट बढ़ाने और कॉरपोरेट क्षेत्र की सहभागिता को प्रोत्साहित करने की दिशा में काम कर रही है। उन्होंने वर्ष 2036 में भारत द्वारा प्रस्तावित ओलंपिक मेजबानी का उल्लेख करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ को भी राष्ट्रीय स्तर के खेल आयोजनों की तैयारी करनी होगी।इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री एवं संघ के उपाध्यक्ष केदार कश्यप ने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में बस्तर ओलंपिक जैसी प्रतियोगिताओं से वनांचल के खिलाड़ियों को एक बड़ा मंच मिला है।बैठक में महासचिव विक्रम सिसोदिया ने सचिवीय प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। कार्यक्रम में उपाध्यक्ष हिमांशु द्विवेदी, गजराज पगारिया, कोषाध्यक्ष संजय मिश्रा सहित खेल संघों के पदाधिकारी एवं सदस्यगण बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।


Share Now

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page

error: Content is protected !!