विकास नंद/ सर्वव्यापी/
छत्तीसगढ़ महिला कांग्रेस की प्रदेश सचिव एवं कांग्रेस पिछड़ा वर्ग की प्रदेश समन्वयक तिरीथ कुमारी ने केंद्र सरकार द्वारा किए गए जीएसटी कटौती को महज़ राजनीतिक दिखावा करार दिया है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने बीते आठ वर्षों में लगातार भारी-भरकम टैक्स लगाकर आम जनता की जेब पर बोझ डाला, और अब चुनावी वर्ष में जीएसटी में मामूली कटौती कर जनता को गुमराह करने की कोशिश कर रही है।
तिरीथ कुमारी ने कहा कि सरकार का यह तथाकथित “जीएसटी बचत उत्सव” केवल कुछ चुनिंदा वर्गों को दिखाने के लिए है, जबकि देश का बड़ा वर्ग आज भी महंगाई से बेहाल है। उन्होंने कहा कि बहुत कम लोग ही वाहन या इलेक्ट्रॉनिक सामान जैसी चीज़ें खरीदने में सक्षम हैं, और जिनके लिए सरकार ने जीएसटी कम किया है, वह जनता का एक छोटा तबका है।
उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि गांव के गरीब, मजदूर और किसान को इस कटौती से क्या लाभ मिला? महंगे पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस सिलेंडर पर कोई राहत नहीं दी गई, जिससे घर-गृहस्थी चलाने वाले मध्यम और निम्नवर्गीय परिवार आज भी परेशान हैं।
तिरीथ कुमारी ने कहा कि अगर भाजपा सरकार वास्तव में जनता की भलाई चाहती है, तो उसे रसोई गैस, खाद्यान्न, पेट्रोल-डीजल और रोजमर्रा की जरूरत के सामानों पर टैक्स कम करना चाहिए, ताकि हर वर्ग को सीधे तौर पर राहत मिले। उन्होंने कहा कि जनता अब दिखावटी योजनाओं और उत्सवों के भ्रम में आने वाली नहीं है, और आने वाले चुनाव में इसका जवाब देगी।
उन्होंने अंत में कहा कि महिलाएं, किसान और मजदूर वर्ग अब बदलाव चाहते हैं, क्योंकि भाजपा सरकार ने केवल वायदों और प्रचार का सहारा लेकर जनता को ठगा है। कांग्रेस पार्टी जनता के वास्तविक हितों के लिए काम कर रही है और आगे भी उनकी आवाज़ बुलंद करती रहेगी।


