तरुण कौशिक/संपादक सर्वव्यापी/
प्रज्ञा कर्ण बधिर शाला, डी.डी. नगर रायपुर में प्रत्ययुषा फाउंडेशन द्वारा “दिव्यरूपेण गरबा” का भव्य आयोजन दिव्यांग बच्चों के बीच उत्साह और उमंग के साथ संपन्न हुआ।शारदीय नवरात्रि के अवसर पर आयोजित इस विशेष कार्यक्रम में कक्षा पहली से आठवीं तक के 60 से अधिक बच्चों ने पारंपरिक रंग-बिरंगे वस्त्रों में गरबा प्रस्तुत किया। उनकी भाव-भंगिमा, लयबद्ध ताल और निश्छल मुस्कान ने सभी का मन मोह लिया।मुख्य अतिथि डॉ. वर्णिका शर्मा, अध्यक्ष राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग छत्तीसगढ़ ने बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन समाज में समरसता और समावेश की भावना को मजबूती देते हैं। दिव्यांगता कोई रुकावट नहीं, बल्कि विशेषता है। ये बच्चे माता के दिव्य पुष्प हैं।विशेष आकर्षण के रूप में छत्तीसगढ़ की बाल कलाकार नायरा रंगारे (पीहू) की उपस्थिति रही।कार्यक्रम में संस्थापक अध्यक्ष प्रीति दास मिश्रा, कार्यक्रम अध्यक्ष सेन कुमार बोथरा, कार्यक्रम संरक्षक गुणा निधि मिश्रा, कार्यक्रम प्रभारी अर्चना बोरा, सुमन पांडे, पुष्पा शशि यादव, सोनल श्रीवास्तव, मिसेज एशिया सुनील ओझा, एस.एस.के. केयर हॉस्पिटल के योगेश तिवारी और अखंड ब्राह्मण समाज के अध्यक्ष सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।


