विकास नंद/ सर्वव्यापी /

छत्तीसगढ़ शासन के प्रभारी मंत्री दयालदास बघेल आज महासमुंद जिले के सराईपाली क्षेत्र के दौरे पर रहे। इस दौरान उन्होंने सराईपाली विकासखंड के ग्राम मोहंदा में “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के तहत वृक्षारोपण कार्यक्रम में हिस्सा लिया और स्कूली बच्चों को साइकिल वितरण किया।प्रभारी मंत्री बघेल ने शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मोहंदा के परिसर में पीपल का पौधा रोपा।
इस अवसर पर सांसद रूपकुमारी चौधरी ने अशोक का पौधा और बसना विधायक संपत अग्रवाल ने जामुन का पौधा लगाया। कार्यक्रम की शुरुआत छत्तीसगढ़ के राजगीत से हुई।साइकिल वितरण कार्यक्रम में प्रभारी मंत्री बघेल ने छात्र-छात्राओं को साइकिलें वितरित कीं और ग्रामीणों को संबोधित करते हुए पर्यावरण संरक्षण और शिक्षा के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान न केवल पर्यावरण संरक्षण का प्रतीक है, बल्कि यह मातृ शक्ति के प्रति सम्मान का भी संदेश देता है।
साइकिल वितरण से बच्चों को शिक्षा के मार्ग में सुविधा और प्रोत्साहन मिलेगा।मंत्री बघेल ने सेवा पखवाड़ा के तहत चल रहे जनकल्याणकारी कार्यक्रमों की सराहना करते हुए आम नागरिकों से इसमें अधिक से अधिक भागीदारी करने की अपील की। उन्होंने रक्तदान के महत्व पर जोर देते हुए इसे मानव सेवा का सर्वोत्तम कार्य बताया।इसके साथ ही उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा दिए गए “जीएसटी बचत उत्सव” और “लोकल फॉर वोकल” के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का आग्रह किया।इस मौके पर उन्होंने ग्राम मोहंदा में कंक्रीट सड़क निर्माण के लिए 10 लाख रुपये और विद्यालय परिसर में साइकिल स्टैंड निर्माण के लिए 10 लाख रुपये की घोषणा की।सांसद रूपकुमारी चौधरी ने इस अवसर पर कहा कि मोहंदा में आयोजित यह कार्यक्रम गौरव का विषय है। उन्होंने कहा कि सरकार बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए निःशुल्क साइकिल, शिक्षा सामग्री और मध्याह्न भोजन जैसी सुविधाएं दे रही है, ताकि वे अपने सपनों को साकार कर सकें।बसना विधायक संपत अग्रवाल ने जीएसटी में हुई छूट के लिए केंद्र सरकार का आभार जताया और सेवा पखवाड़ा के अंतर्गत हो रहे कार्यक्रमों का लाभ उठाने की अपील की।
इस अवसर पर पूर्व विधायक त्रिलोचन पटेल, येतराम साहू, जिला पंचायत अध्यक्ष मोंगरा पटेल, जनपद पंचायत सराईपाली अध्यक्ष लक्ष्मी पटेल, कलेक्टर विनय लंगेह सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।


