विकास नंद/ सर्वव्यापी/

“स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार” अभियान भारत सरकार की एक महत्वाकांक्षी पहल है, जिसे महिला एवं बाल विकास मंत्रालय तथा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय द्वारा संयुक्त रूप से 17 सितंबर 2025 को देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के द्वारा प्रारंभ किया गया। इस अभियान का उद्देश्य महिलाओं, किशोरियों एवं बच्चों के स्वास्थ्य और पोषण में सुधार करना है।
इसी क्रम में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आई. नागेश्वर राव के निर्देशन एवं बीएमओ डॉ. कुणाल नायक के मार्गदर्शन में चिरायु दल सरायपाली द्वारा विभिन्न विद्यालयों में जाकर बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया।
बच्चों को पोषण संबंधी जानकारी, एनीमिया से बचाव, जंक फूड से दूर रहने, बालिकाओं को माहवारी स्वच्छता और बालकों को नशा मुक्ति के बारे में जागरूक किया गया।चिरायु कार्यक्रम से लाभान्वित वे बच्चे, जिनका हृदय रोग का उपचार चिरायु दल द्वारा किया गया था, उन्हें सम्मानित किया गया। दल के सदस्यों ने उनके घर जाकर उपहार भेंट किए और उन्हें प्रोत्साहित किया।
ज्ञात हो कि राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम के अंतर्गत चिरायु दल नियमित रूप से सभी स्कूलों एवं आंगनबाड़ियों में जाकर बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यक उपचार उपलब्ध करा रहा है।
इस कार्यक्रम में डॉ. अनुपा दास, डॉ. राजेश सिंह, डॉ. जनक जेरी, डॉ. जयश्री दुत्तकामणी, भीष्म प्रताप राणा, परमेश्वर सेन, उसत पटेल एवं सुनीता साव का विशेष योगदान रहा।


