नूर मोहम्मद/ गौरेला-पेंड्रा-मरवाही/(सर्वव्यापी)

कृषि विभाग छत्तीसगढ़ शासन के अंतर्गत कार्यरत कृषि विस्तार अधिकारी डी.एल. राजपूत बुधवार, 01 अक्टूबर 2025 को सेवानिवृत्त हुए। इस अवसर पर विभागीय सहयोगियों, जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणजनों ने उन्हें भावभीनी विदाई देकर सम्मानित किया।राजपूत ने अपने 36 वर्षों के शासकीय सेवा काल में समर्पण, निष्ठा और ईमानदारी को सर्वोपरि रखा जिले में अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने किसानों को आधुनिक तकनीक से जोड़ने, फसलों की बेहतर पैदावार के उपाय बताने तथा ग्रामीण अंचलों में कृषि विकास की नई पहलें करने में उल्लेखनीय योगदान दिया। 12 वर्षों तक गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में कृषि विस्तार अधिकारी के रूप में पदस्थ रहकर उन्होंने कृषक वर्ग के उत्थान हेतु अनेक योजनाओं को सफलतापूर्वक क्रियान्वित किया राजपूत अपनी सौम्य छवि, सहयोगी स्वभाव और कृषि के प्रति समर्पण के लिए हमेशा याद किए जाएंगे।अभिनंदन पत्र में कहा गया कि “ राजपूत ने अपने कर्तव्य पालन में कभी शिथिलता नहीं बरती और हमेशा कृषकों के जीवन स्तर को ऊंचा उठाने की दिशा में कार्य किया। उनके नेतृत्व में कृषि विभाग ने अनेक उपलब्धियाँ हासिल कीं और किसानों को आत्मनिर्भर बनाने में सहयोग प्रदान किया।” सहकर्मियों ने उन्हें स्वस्थ, दीर्घायु एवं सुखमय जीवन की शुभकामनाएँ दीं और कहा कि उनके अनुभव और मार्गदर्शन की कमी हमेशा खलेगी।


