सर्वव्यापी ब्यूरो / जांजगीर-चांपा/
जिले में एक बड़ा वित्तीय घोटाला उजागर हुआ है, जिसमें कांग्रेस विधायक बालेश्वर साहू के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया गया है। चांपा पुलिस ने विधायक साहू और एक अन्य व्यक्ति गौतम राठौर के खिलाफ धारा 420, 468, 267, 34 भादवि के तहत एफआईआर दर्ज की है।जानकारी के अनुसार, 2015 से 2020 के बीच जब बालेश्वर साहू बम्हनीडीह सहकारी समिति में प्रबंधक पद पर कार्यरत थे और गौतम राठौर सेल्समैन थे, उस दौरान दोनों पर किसानों के साथ वित्तीय धोखाधड़ी करने का आरोप है।
फरसवानी गांव निवासी राजकुमार शर्मा ने दो माह पहले शिकायत दर्ज कराई थी कि साहू और राठौर ने किसान क्रेडिट कार्ड (KCC) के नाम पर 50 एकड़ जमीन पर ऋण स्वीकृति का वादा किया। इसके बहाने आरोपियों ने शर्मा से एक कोरा चेक लिया और उसके माध्यम से लगभग 24 लाख रुपये को अपने तथा अपनी पत्नी के खातों में ट्रांसफर कर लिया।
पुलिस ने शिकायत की जांच के बाद मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
वहीं, इस प्रकरण के उजागर होने के बाद राजनीतिक हलकों में हलचल मच गई है।
विपक्ष ने कांग्रेस विधायक पर किसानों के साथ धोखाधड़ी का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले में सभी दस्तावेज और बैंक लेनदेन की जांच की जा रही है। साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


