तरुण कौशिक/संपादक सर्वव्यापी/
जनपद पंचायत तखतपुर अंतर्गत आने वाला और छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय से सटा ग्राम छतौना में रविवार को ग्राम सभा की बैठक बड़े उत्साह और सहभागिता के साथ सम्पन्न हुई। बैठक में ग्राम के विकास कार्यों, योजनाओं और पारदर्शी प्रशासन पर विस्तृत चर्चा की गई।ग्राम सभा की अध्यक्षता सरपंच राधिका राकेश कौशिक ने की। इस अवसर पर सचिव अश्वनी निर्मलकर, उप सरपंच रत्ना रामेश्वर मनिकपुरी, करिहार, रेनू गुप्ता, सभी पंचगण, वरिष्ठ कार्यकर्ता तथा लगभग 200 ग्रामवासी उपस्थित रहे।बैठक में गांव के समग्र विकास के लिए कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। ग्रामवासियों ने अपने-अपने सुझाव रखे और जनहित के मुद्दों पर खुलकर चर्चा की।बैठक के मुख्य बिंदु- ग्राम विकास-सड़क, नाली, पेयजल, स्वच्छता और सामुदायिक भवन जैसे आधारभूत कार्यों की प्राथमिकता तय की गई। सामुदायिक भागीदारी-प्रत्येक विकास कार्य में ग्रामवासियों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने पर सहमति बनी। सरकारी योजनाएं- केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी गई तथा पात्र हितग्राहियों को लाभ लेने के लिए प्रेरित किया गया। बैठक के अंत में सरपंच राधिका राकेश कौशिक ने ग्राम सभा में उपस्थित सभी नागरिकों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ग्राम सभा हमारे लोकतंत्र की नींव है। जब जनता स्वयं अपने विकास की रूपरेखा तय करती है, तभी गांव सशक्त बनता है। हमें गर्व है कि छतौना जैसे जागरूक ग्राम की बैठकें प्रशासनिक पारदर्शिता की मिसाल हैं। बैठक सौहार्दपूर्ण माहौल में सम्पन्न हुई। ग्रामवासियों ने विश्वास जताया कि इस बैठक के निर्णयों से छतौना विकास की नई राह पर अग्रसर होगा।


