तरुण कौशिक/ संपादक सर्वव्यापी/
राजधानी रायपुर के तेलीबांधा थाना क्षेत्र स्थित वीआईपी चौक में शनिवार देर रात अज्ञात असामाजिक तत्वों ने छत्तीसगढ़ महतारी की मूर्ति को क्षतिग्रस्त कर दिया। यह घटना राज्य स्थापना दिवस के ठीक पूर्व हुई है, जिससे पूरे प्रदेश में गुस्सा और रोष का माहौल है।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, रात में कुछ लोगों ने मूर्ति के पास तोड़फोड़ की और भाग निकले। सुबह जब स्थानीय नागरिकों ने यह दृश्य देखा, तो उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मूर्ति के सिर और एक हाथ का हिस्सा क्षतिग्रस्त पाया गया।घटना की खबर फैलते ही आसपास के लोग, सामाजिक संगठन और छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना सहित विभिन्न संगठन मौके पर एकत्र हो गए। आक्रोशित लोगों ने इसे राज्य की अस्मिता और संस्कृति पर हमला बताया। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस बल तैनात किया गया।तेलीबांधा थाना पुलिस ने अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। CCTV फुटेज खंगाले जा रहे हैं और पुलिस ने दावा किया है कि जल्द ही आरोपी पकड़ लिए जाएंगे।मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने इस घटना की कड़ी निंदा करते हुए कहा है कि छत्तीसगढ़ महतारी हमारी संस्कृति, अस्मिता और सम्मान का प्रतीक हैं। ऐसी हरकत करने वाले लोगों को किसी भी हाल में छोड़ा नहीं जाएगा। दोषियों पर कठोरतम कार्रवाई की जाएगी।रायपुर नगर निगम ने तत्काल मूर्ति की अस्थायी मरम्मत कराई है और क्षेत्र में अतिरिक्त सुरक्षा व्यवस्था कर दी गई है।इस घटना से प्रदेशभर में निंदा का दौर जारी है। सोशल मीडिया पर भी लोगों ने आक्रोश व्यक्त करते हुए दोषियों को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की है।स्थानीय जनप्रतिनिधियों, साहित्यकारों और युवाओं ने इसे छत्तीसगढ़ की माटी का अपमान बताते हुए कहा कि महतारी के अपमान को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।


